नई दिल्ली, 4 जून : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आर.सी.बी.) ने आईपीएल 2025 के फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स (पी.बी.के.एस.) को 6 रन से हरा दिया। आरसीबी की टीम ने 17 साल का खिताबी सूखा खत्म करते हुए पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे बेंगलुरु शहर और दुनियां भर में फैले आरसीबी के प्रशंसकों में जश्न का माहौल देखने को मिला। आरसीबी के प्रशंसकों ने दिवाली का त्योहार मनाया। देर रात लोग आरसीबी की जीत के जश्न में पटाखे फोड़ते नजर आए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
आरसीबी के आईपीएल चैंपियन बनते ही लोग सडक़ों पर उतर आए। दरअसल, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आखिरी गेंद फेंकने से पहले जब यह लगभग तय हो गया था कि आरसीबी जीतेगी, विराट की आंखों में आंसू थे। आखिरी गेंद फेंकते ही विराट बैठ गए और रोने लगे। खुशी के ये आंसू यह यकीन दिलाने की कोशिश कर रहे थे कि 18 साल बाद उन्होंने करोड़ों फैन्स का सपना पूरा कर दिया है। गैलरी में बैठे आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल भी यह देखकर खुशी से उछल पड़े। डिविलियर्स दौडक़र विराट के गले लग गए।
हर प्लेयर का अलग रोल
आर.सी.बी. की विनिंग स्ट्रैटजी मेगा ऑक्शन से पहले ही बननी शुरू हो गई थी। जब मेंटॉर दिनेश कार्तिक ने डायरेक्टर मो बोबत और कोच एंडी फ्लॉवर के साथ प्लानिंग कर बेस्ट टीम खरीदी। क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स, ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डु प्लेसिस जैसे बड़े प्लेयर्स पर दांव खेलने वाली आर.सी.बी. ने इस बार विराट कोहली के अलावा किसी भी बड़े प्लेयर को रिटेन नहीं किया।
कार्तिक ने बताया कि कैसे मैनेजमेंट ने हर एक रोल के लिए अलग-अलग खिलाड़ी खरीदा। टीम ने ओपनिंग, मिडिल ऑर्डर, फिनिशिंग, स्पिन से लेकर पावरप्ले और डेथ बॉलिंग तक के लिए बेस्ट प्लेयर्स के ऑप्शन तय किए। फिर ऑक्शन में बेस्ट प्लेयर्स ही खरीदे। अगर बेस्ट नहीं मिला तो सेकेंड बेस्ट खरीदा, लेकिन रोल आधारित खिलाडिय़ों पर ही फोकस किया।
आर.सी.बी. के 9 खिलाड़ी बने प्लेयर आफ द मैच
आर.सी.बी. के खिताब जीतने के अभियान की सबसे आकर्षक विशेषता यह रही कि टीम के 9 विभिन्न खिलाडिय़ों ने 12 मैचों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता। टिम डेविड को भी एक मैच में हार के बावजूद यह सम्मान मिला, क्योंकि उनकी शानदार प्रदर्शन ने आर.सी.बी. को एक कठिन पिच पर एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। बेंगलुरु के फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द फाइनल’ का खिताब जीतने वाले क्रुणाल पंड्या ने टीम के लिए सबसे अधिक तीन बार यह पुरस्कार जीता।
इसके अलावा, उन्हें दिल्ली के खिलाफ बल्लेबाजी और कोलकाता के खिलाफ गेंदबाजी के लिए भी ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। कप्तान रजत पाटीदार ने दो बार यह पुरस्कार जीता, जो कि आई.पी.एल. की सबसे सफल टीमों, मुंबई और चेन्नई के खिलाफ आए। इसके साथ ही, 7 अन्य खिलाडिय़ों ने भी अपने प्रदर्शन के आधार पर एक-एक बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीता।

More Stories
असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए रिकार्ड वोटिंग
यूके ने बढ़ाई वीज़ा फीस, भारतीय आवेदकों पर बढ़ेगा बोझ
अमेरिका दौरे पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी, रक्षा और व्यापार सहयोग पर चर्चा