चंडीगढ़, 6 जून : पंजाब मंत्रिमंडल में एक बार फिर बदलाव की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि लुधियाना उपचुनाव के नतीजे आने के बाद जून के आखिरी या जुलाई के पहले सप्ताह में मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है। हाल ही में पार्टी हाईकमान ने आम आदमी पार्टी की संगठनात्मक संरचना में विस्तार और फेरबदल किया है। पार्टी ने प्रदेश के सह-प्रमुख, महासचिव, सचिव और जिला प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं, जिससे पार्टी के भीतर मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।
जनकल्याणकारी योजनाओं के बावजूद छवि में सुधार नहीं
शिक्षा क्रांति और नशे के खिलाफ अभियान जैसी दो जनकल्याण योजनाएं चलाने के बावजूद निचले स्तर पर पार्टी की छवि में कोई बड़ा सुधार नहीं आया है। उलटा, पार्टी की महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष ज्योति मल्होत्रा समेत पार्टी के पूर्व प्रवक्ताओं और पुराने वालंटियर्स ने पार्टी के खिलाफ बगावत का झंडा उठा लिया है।
विधानसभा चुनावों पर निशाना
सूत्रों के अनुसार ‘आप’ हाईकमान हर हाल में उपचुनाव जीतना चाहता है, लेकिन पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव भी हर हाल में जीतने की योजना बना रहे हैं। इसी कारण उन्होंने पार्टी नेताओं को संगठन और सरकार में सुधार के संकेत दे दिए हैं। उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी संजीव अरोड़ा के जीतने से राज्यसभा की एक सीट खाली हो जाएगी।
इसलिए पार्टी हाईकमान किसी भी कीमत पर अरोड़ा को जिताना चाहता है, ताकि पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को अगले तीन साल के लिए राज्यसभा भेजा जा सके। इसके बदले पार्टी ने संजीव अरोड़ा को मंत्रीमंडल में शामिल करने का भरोसा दिया है। माना जा रहा है कि हाईकमान ने अरोड़ा को यह आश्वासन पहले ही दे दिया है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता इस बात की सार्वजनिक घोषणा भी कर सकते हैं।
उद्योग, स्थानीय निकाय और शहरी विकास विभागों में से कोई भी विभाग संजीव अरोड़ा को दिया जा सकता है। ये तीनों विभाग न केवल शहरी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, बल्कि अरोड़ा की पसंद के भी हैं। दरअसल, कैबिनेट में दो सीटें खाली पड़ी हैं, जिन्हें सत्ताधारी पार्टी हर हाल में भरना चाहती है।
यह भी देखें : 11 जुलाई से शुरु हो रहे पवित्र सावन माह में महादेव ऐसे होंगे प्रसन्न..

More Stories
एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड: दूसरा शूटर भूपिंदर उर्फ भिंदा अमृतसर से गिरफ्तार
पुल का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से बदल कर नीतीश कुमार के नाम पर रखना सिख भावनाओं का अपमान- कुलदीप सिंह धालीवाल
अहमदाबाद, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे डिवीजनों के बीच चंडीगढ़ में ट्रेड मीट 2026 आयोजित