रियो डेजेनेरियो, 6 अगस्त : अमेरिका और ब्राजील के बीच तनाव बढ़ गया है। ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है जिसमें ट्रंप ने कहा था कि लूला उनसे टैरिफ़ के मुद्दे पर कभी भी बात कर सकते हैं।
लूला ने स्पष्ट किया कि वह ट्रंप से बात नहीं करेंगे, बल्कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को फ़ोन करेंगे। यह तनाव तब शुरू हुआ जब अमेरिका ने ब्राज़ील पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया।
अपने हितों की रक्षा के लिए हर प्रयास करेंगे
लूला ने टैरिफ लागू होने के दिन को दोनों देशों के इतिहास का ‘सबसे दर्दनाक’ दिन बताया। उन्होंने ब्रासीलिया में एक कार्यक्रम में कहा कि ब्राजील अब अपने हितों की रक्षा के लिए विश्व व्यापार संगठन (डब्लयू.टी.ओ.) सहित हर संभव उपाय अपनाएगा।
लूला ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने ब्रिक्स देशों के साथ विदेशी व्यापार को मजबूत करने तथा नए अवसरों की तलाश शुरू कर दी है।
मैं प्रधानमंत्री मोदी को फोन करूंगा : लूला डी सिल्वा
लूला ने स्पष्ट किया कि वह ट्रंप से बात करने के मूड में नहीं हैं क्योंकि ट्रंप ‘बातचीत के लिए तैयार नहीं’ हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं शी जिनपिंग को फोन करूंगा, मैं प्रधानमंत्री मोदी को फोन करूंगा। मैं पुतिन को फोन नहीं करूंगा क्योंकि वह अभी यात्रा नहीं कर सकते। लेकिन मैं कई अन्य राष्ट्रपतियों से बात करूंगा।’ ब्रिक्स में भारत, रूस और चीन जैसे देश शामिल हैं।
अमेरिका अक्सर इन देशों पर डॉलर के एकाधिकार को कमजोर करने का आरोप लगाता है। ट्रंप ने ब्रिक्स नीतियों का समर्थन करने वाले देशों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की धमकी दी है।
सी.ओ.पी.30 में ट्रंप को बुलाऊंगा
इसके बावजूद, लूला ने नरम रुख दिखाया और कहा कि वह नवंबर में ब्राज़ील के पारा प्रांत के बेलेम में होने वाले सी.ओ.पी. 30 जलवायु शिखर सम्मेलन में ट्रंप को आमंत्रित करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं ट्रंप को सी.ओ.पी. 30 में बुलाऊंगा और उनसे जलवायु मुद्दे पर उनकी राय पूछूंगा। अगर वह नहीं आते हैं, तो यह उनकी इच्छा है, लेकिन मेरी ओर से कोई कमी नहीं होगी।
यह भी देखें : आयरलैंड में भारतीय मूल के टैक्सी ड्राइवर पर दो युवकों ने सिर पर मारी बोतल

More Stories
वेनेजुएला नया दोस्त, सुप्रीम कोर्ट द्वारा टैरिफ पर रोक खराब फैसला : ट्रंप
मिड टर्म चुनाव से पहले संसद में बोले ट्रंप हमारी आर्थिक स्थिती बहुत बढिय़ा
सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद ट्रंप ने फिर बढ़ा दिया टैरिफ