लिस्बन, 4 सितम्बर : पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय लिस्बन की मशहूर ग्लोरिया फनिक्युलर ट्रेन पटरी से उतरकर एक इमारत से टकरा गई, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 18 से ज़्यादा घायल हो गए। घायलों में से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना शाम करीब 6 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई। ढलान पर ऊपर-नीचे दौड़ रही फनिक्युलर ट्रेन का सपोर्टिंग केबल अचानक टूट गया।
ट्रेन तेज़ी से ढलान से नीचे गिरी और एक इमारत से टकराकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो फुटेज से पता चला कि ट्रेन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा रहा था।
सरकारी अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान या राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उन्होंने पुष्टि की है कि दुर्घटना में कुछ विदेशी नागरिक भी मारे गए हैं।
लिस्बन के मेयर और राष्ट्रपति की प्रतिक्रियाए
लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदास ने कहा: “यह हमारे शहर के लिए बहुत दुखद दिन है… लिस्बन शोक में है। यह एक त्रासदी है।” राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूजा ने भी गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि जल्द ही जांच से दुर्घटना के कारणों का पता चल जाएगा।
ग्लोरिया फनिक्युलर क्या है?
इस फनिक्युलर का संचालन 1885 में शुरू हुआ था और यह रेस्टॉराडोरेस स्क्वायर को बैरियो ऑल्टो (अपनी नाइटलाइफ़ के लिए प्रसिद्ध) से जोड़ता है। यह फनिक्युलर एक बार में 43 लोगों को ले जा सकता है और हर साल लगभग 30 लाख लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। इसे राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया गया है। इस फनिक्युलर में दो कारें आमने-सामने होती हैं और ये इलेक्ट्रिक मोटर से चलती हैं।
दूसरी कार, जो दुर्घटना के समय लाइन के नीचे थी, बच गई, लेकिन उसमें सवार यात्रियों को खिड़कियों से बाहर कूदना पड़ा।दुर्घटना के तुरंत बाद एम्बुलेंस, दमकल और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुँच गईं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और बचाव कार्य जारी है।
यह भी देखें : अदालत ने ट्रंप को कहा, 18वीं सदी के कानून का नाजायज इस्तेमाल नहीं कर सकते

More Stories
आर्टेमिस-II मिशन : कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसन का भव्य स्वागत
क्यूबेक को आज मिलेगा नया प्रीमियर, CAQ नेतृत्व चुनाव का होगा फैसला
होर्मुज़ स्ट्रेट पर ईरान सख्त, विश्व में इन जलमार्गों पर लगता है टैक्स