October 6, 2025

सरकार बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास हेतु राहत कार्यों में जुटी : डा. बलबीर सिंह

सरकार बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास हेतु...

चंडीगढ़, 9 सितंबर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को तेजी से अंजाम दे रही है। राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी हर मोर्चे पर सक्रिय हैं, जबकि समाजसेवी संस्थाएं और आम जनता भी सहयोग में पीछे नहीं हैं।

श्री आनंदपुर साहिब में कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस का दौरा

कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के बेलिया और आसपास के दर्जनों बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांव डाढ़ा में राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए पशुओं के लिए चारा वितरित किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मकानों के नुकसान का मूल्यांकन शीघ्र करें, सड़कें दुरुस्त की जाएं और जल-विद्युत आपूर्ति में कोई बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार हर प्रभावित व्यक्ति तक राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और पुनर्वास के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं।

लुधियाना में स्वास्थ्य सेवाओं पर डॉ. बलबीर सिंह की नजर

लुधियाना में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए तत्परता से कार्य हो रहा है। जैसे ही पानी हटेगा, स्वास्थ्य टीमें घर-घर सर्वे करेंगी। क्लोरीनेशन, फॉगिंग और स्कूलों में आर.ओ. सिस्टम की व्यवस्था कर स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने मंडी गोबिंदगढ़ से राहत सामग्री से भरे ट्रक को रवाना किया। इससे पहले वे खन्ना से तीन ट्रक फाजिल्का भेज चुके हैं। राहत सामग्री में सोलर लाइटें, तिरपाल और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। इस सहयोग के लिए उन्होंने एच.एफ. सुपर मिल्क प्लांट के मालिक विनोद कुमार दत्त का आभार व्यक्त किया।

सरकार की प्राथमिकता: राहत, पुनर्वास और सुरक्षा

राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों से लेकर पुनर्वास और स्वास्थ्य सुरक्षा तक हर मोर्चे पर त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासनिक और राजनीतिक नेतृत्व की सक्रियता से प्रभावित लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

यह भी देखें : 23,206 व्यक्तियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकाला गया: हरदीप सिंह मुंडियां