चंडीगढ़, 21 जनवरी : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही अपनी मुहिम के दौरान जिला फिरोजपुर के थाना लक्खोके बहिराम में तैनात हवलदार (हेड कांस्टेबल) हरपाल सिंह को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव सरूप सिंह वाला, तहसील गुरुहरसहाय, जिला फिरोजपुर निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के भाई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और आरोपी हवलदार ने शिकायतकर्ता से उस मामले में मदद करने और उसके भाई को किसी अन्य मामले में नामजद न करने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। इस संबंध में दोषी हवलदार ने शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत की राशि प्राप्त की और बाकी बची राशि की मांग करता रहा। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग करते हुए आरोपी हवलदार की बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि उसकी शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है।

More Stories
चंडीगढ़ कोर्ट ने सीएम मान की पत्नी के खिलाफ मानहानिकारक पोस्ट पर लगाई रोक
पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल चुनाव, सांसद मीत हेयर ने एबीवीपी पर लगाया गंभीर आरोप
पंजाब-चंडीगढ़ में आज बारिश के आसार, बठिंडा में सबसे अधिक 38 डिग्री तापमान