February 4, 2026

फतेहगढ़ साहिब में देर रात जोरदार धमाका, धमाके की आवाज से दहले लोग

फतेहगढ़ साहिब में देर रात जोरदार धमाका...

फतेहगढ़ साहिब, 30 जनवरी : फतेहगढ़ साहिब में बीती देर रात एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे घरों के दरवाजे और शीशे तक हिल गए। यह धमाका रातभर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा और लोग एक-दूसरे से इसकी जानकारी लेते रहे धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज फतेहगढ़ साहिब के अलावा अमलोह, गोविंदगढ़, खन्ना, पायल और समराला सहित करीब 40 से 50 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। कई इलाकों में लोग अचानक तेज आवाज से घबरा गए।

पुलिस का दावा: सोनिक बूम की आवाज

मामले को लेकर जब पुलिस अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि यह आवाज फाइटर जेट के सोनिक बूम जैसी थी। जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे के आसपास सुपरसोनिक फाइटर जेट आसमान से गुजरे थे। तेज गति से उड़ान के दौरान हवा में दबाव बनने से इस तरह की धमाके जैसी आवाजें सुनाई देती हैं। पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी भी तरह के जानी या माली नुकसान की कोई सूचना नहीं है। यह सिर्फ एक तेज आवाज थी, जिससे लोग दहशत में आ गए।

पिछली घटनाओं से बढ़ी चिंता

हालांकि लोगों में डर का माहौल इसलिए भी है क्योंकि बीते कुछ दिनों पहले सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की रेलवे पटरी पर धमाके की घटना सामने आई थी। इसी कारण ताजा घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और कहा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल इसे सोनिक बूम की आवाज माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

यह भी देखें : जालंधर के Iconic मॉल में बड़ी चोरी, 11.5 लाख रुपये लेकर फरार हुए चोर