February 14, 2026

नवादिह रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रक की गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस से टक्कर

पटना–हावड़ा मुख्य लाइन पर बड़ा...

देवघर, 21 जनवरी : झारखंड में गुरुवार सुबह पूर्वी रेलवे की हावड़ा–पटना मुख्य लाइन के आसनसोल सेक्शन पर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। 13510 डाउन गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस, जसीडीह और मधुपुर सेक्शन के बीच कुमराबाद रोहिणी और शंकरपुर रेलवे स्टेशनों के मध्य स्थित क्रॉसिंग नंबर 27 पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोंडा से आ रही ट्रेन सुबह करीब 9:38 बजे नवादिह रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रक से टकरा गई। हालांकि लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। ट्रैफिक जाम के कारण क्रॉसिंग को बंद नहीं किया जा सका, जिससे ट्रक रेलवे ट्रैक पर ही फंस गया।

इसी दौरान जसीडीह स्टेशन से रवाना होकर मधुपुर की ओर जा रही गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस जैसे ही लेवल क्रॉसिंग के पास पहुंची, सामने ट्रक दिखाई दिया। चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक ट्रेन ट्रक से टकरा चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि रेल परिचालन करीब तीन घंटे तक बाधित रहा।

टक्कर के कारण ट्रक घटनास्थल पर ही फंस गया, वहीं ट्रेन के इंजन को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। डाउन लाइन पर यातायात रुकने से कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंच गईं। लगभग तीन घंटे बाद रेल परिचालन बहाल कर दिया गया।

आसनसोल रेल मंडल प्रबंधक पहुंचे मौके पर

आसनसोल रेल मंडल प्रबंधक सुधीर कुमार शर्मा घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और रेल परिचालन शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। अप लाइन को सुबह 11 बजे दोबारा चालू कर दिया गया, जबकि डाउन लाइन को करीब तीन घंटे बाद दोपहर 12:30 बजे साफ कर यातायात बहाल किया गया। घटनास्थल पर रुकी गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस को इसके बाद रवाना कर दिया गया।