नई दिल्ली, 21 जनवरी : पिछले दो-तीन दिनों से उत्तर भारत में ठंड में कमी देखने को मिली है। दोपहर में धूप खिली रही और शामें अपेक्षाकृत सुहावनी रहीं। हालांकि मौसम में आया यह बदलाव ज्यादा दिनों तक टिकने वाला नहीं है। शुक्रवार से उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह बदलने वाला है और इसका असर लगभग एक सप्ताह तक रह सकता है।
लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में फिर से बदलाव आएगा। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में चक्रवाती हवाओं के कारण बारिश, तेज हवाएं और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार पहला पश्चिमी विक्षोभ 23 जनवरी को सक्रिय होगा, जबकि दूसरा और अधिक शक्तिशाली सिस्टम 26 से 28 जनवरी के बीच प्रभावी हो सकता है।
22 से 26 जनवरी तक पहाड़ों में बर्फबारी
23 से 26 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर घाटी के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में खासतौर पर 23 जनवरी को भारी बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड की लहर और तेज हो जाएगी।
मैदानी इलाकों में बारिश और तेज हवाएं
मैदानी क्षेत्रों में 23 से 24 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 23 और 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

More Stories
उत्तराखंड के पूर्व CM भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
अखिलेश यादव का हमला, बोले- नीट अब ‘लीक परीक्षा’ कहलाए, PM और CM को इस्तीफा देना चाहिए
सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों पर बरकरार रखा फ़ैसला, सार्वजनिक जगहों से हटाने का नहीं बदला आदेश