चंडीगढ़, 4 मार्च : पंजाब में आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली सरकार द्वारा किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही 250 से अधिक बसों का रंग बदलकर नीला और पीला किए जाने के फैसले पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। शिरोमणि अकाली दल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राज्य सरकार पर बसों के रंग पार्टी के झंडे से मिलते-जुलते करने का आरोप लगाया है।
“सरकारी खजाने की हो रही है बर्बादी” : मजीठिया
अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि ‘आप’ सरकार सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को नीले और पीले रंग में रंगा गया और अब बसों को भी पार्टी के झंडे के रंग में रंगा जा रहा है। मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि क्या भविष्य में ‘आप’ कार्यकर्ताओं को भी नीली कमीज और पीली पैंट पहनने के निर्देश दिए जाएंगे।
कांग्रेस ने भी साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बसों पर किए जा रहे रंग बदलाव को ‘आप’ के झंडों और पोस्टरों से मिलता-जुलता बताते हुए कहा कि चार साल के कार्यकाल के बाद सरकार के पास दिखाने के लिए कुछ नहीं बचा, इसलिए अब अपने “असली रंग” दिखाए जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ ने शुरू से ही लोगों को गुमराह किया और पंजाब के लोगों के पैसे की बर्बादी की है। उन्होंने यह भी कहा कि न पंजाब में और न ही देश के किसी अन्य हिस्से में कभी राज्य सरकारों ने अपनी बसों के रंग इस तरह बदले हैं।
परिवहन मंत्री से संपर्क नहीं हो सका
इस मामले में पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। बसों के रंग बदलने के फैसले को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
यह भी देखें : पंजाब में ऊनी-फैंसी धागा उद्योग को बढ़ावा, 750 करोड़ निवेश से 1500 नौकरियां

More Stories
समाना धरने में पहुंचे विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा से संगत के तीखे सवाल
पंजाब में ऊनी-फैंसी धागा उद्योग को बढ़ावा, 750 करोड़ निवेश से 1500 नौकरियां
डिप्टी स्पीकर ने ‘शहीद-ए-आज़म भगत सिंह नेशनल मैराथन’ की विशेष बैठक