चंडीगढ़, 13 अक्टूबर 2026: आम आदमी पार्टी (आप ) के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब में जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की और 10 अक्टूबर की घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
इस घटना में दिल्ली पुलिस के जवान जूते पहनकर और बिना सिर ढके गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में घुसे थे। इसे सिख धार्मिक संस्थाओं की पवित्रता का बड़ा उल्लंघन बताते हुए, विधायकों ने जत्थेदार साहिब से अमित शाह को बुलाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की।
आप विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने ऑपरेशन ब्लू स्टार की दर्दनाक यादों को ताजा करते हुए जोर देकर कहा कि सिख समुदाय उस काले अध्याय को नहीं भूला है और दिल्ली पुलिस के गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में घुसने की घटना को कभी नहीं भूलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने इस घटना पर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी ) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
मीटिंग के बाद मीडिया से बात करते हुए आप विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह घटना बहुत बुरी है और इससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरा ठेस पहुंची है।
विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा, “गुरुद्वारे पारंपरिक रूप से शरण की जगह रहे हैं, जहां लोग शरण, शांति और लंगर छकने के लिए आते हैं। पुलिस जिन विद्यार्थियों का पीछा कर रही थी, वे गुरुद्वारा साहिब के परिसर में दाखिल हुए थे, लेकिन इससे पुलिस वालों को पवित्र परिसर में नंगे सिर और नंगे पैर घुसने का कोई अधिकार नहीं मिल जाता। केंद्र सरकार को सिखों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और हमारे प्रतिनिधिमंडल द्वारा जत्थेदार साहिब को दिए गए ज्ञापन पर बनती कार्रवाई करनी चाहिए।”
आप विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने 10 अक्टूबर को सिख समुदाय के लिए काला दिन बताते हुए कहा, “गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब की पवित्रता का उल्लंघन किया गया है। सिख समुदाय 1984 में अपने धार्मिक स्थलों पर हुए हमलों को नहीं भूला है और वह इस घटना को भी नहीं भूलेगा।”
शिरोमणि अकाली दल के नेताओं और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी ) के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा, “शिरोमणि अकाली दल लीडरशिप और एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है। हरसिमरत कौर बादल का सोशल मीडिया पोस्ट जिसमें इस घटना की निंदा की गई थी, उसे भी डिलीट कर दिया गया। जत्थेदार साहिब को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बुलाकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। सिख समुदाय इस मामले में ठोस जवाब के लिए श्री अकाल तख्त साहिब की तरफ देख रहा है।”
ये भी देखें: सुप्रीम कोर्ट बोला – शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार संवैधानिक है, पुलिस की ज्यादती सही नहीं

More Stories
खन्ना पुलिस ने चंडीगढ़ फ्लैट 45 लाख रुपए की ठगी मामले में प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया
भगवंत मान के पूर्व ओएसडी मनजीत सिंह सिद्धू कांग्रेस में शामिल
साढ़े चार साल में हमने अपने कामों से पंजाब के लोगों का दिल जीता : भगवंत सिंह मान