चंडीगढ़, 7 मार्च : अगले वर्ष होने वाली विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब में सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। आम आदमी पार्टी ने मोगा रैली के बाद अब जनसभाएं करने और सरकार के चार साल की उपलब्धियों का पुस्तिका छापकर हर नागरिक तक पहुंचाने का फैसला किया है।
शुक्रवार को विधानसभा सत्र की कार्यवाही समाप्त होने के बाद पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया और सतिंदर जैन ने विधानसभा में मंत्रियों और विधायकों के साथ विशेष बैठक की। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सहित कई मंत्री मौजूद थे, जबकि मुख्यमंत्री बैठक में उपस्थित नहीं थे।
संगठन को मजबूत करने के निर्देश
बैठक में सिसोदिया और जैन ने विधायकों को पार्टी के सभी विंगों को संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत व सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कार्ड अधिक से अधिक बनाकर लोगों में वितरित किए जाएं।
महिलाओं और युवाओं को जोड़ने पर जोर
नेताओं ने कहा कि महिलाओं को यह जानकारी भी दी जाए कि राज्य सरकार उन्हें एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की योजना पर काम कर रही है। वहीं युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए गांवों और शहरों में यूथ क्लब बनाने, युवाओं को खेल किट और जिम का सामान उपलब्ध कराने की भी बात कही गई। उन्होंने बताया कि पार्टी के चार साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों पर एक किताब प्रकाशित की जाएगी। इस किताब को जमीनी स्तर पर हर व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा ताकि लोगों को सरकार के कामों की जानकारी मिल सके।
पार्टी के सभी विंगों को सक्रिय करने पर जोर
नेताओं ने कहा कि पार्टी के हर विंग को सक्रिय किया जाए। हर विंग का नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने वर्ग के बीच सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का प्रचार करे, ताकि संबंधित वर्ग को सरकार के प्रयासों की जानकारी मिल सके। सूत्रों के अनुसार, पूर्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने बैठक में अपना निजी सुझाव और कुछ व्यावहारिक समस्याओं पर बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें यह कहकर रोक दिया गया कि वह व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी बात रखें क्योंकि यह सभी विधायकों की बैठक है।
अन्य पार्टियां भी सक्रिय
इधर आम आदमी पार्टी की मोगा रैली के बाद कांग्रेस ने बरनाला में राज्य स्तरीय रैली की है, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने भी हलका स्तर पर रैलियों का सिलसिला शुरू कर दिया है।
यह भी देखें : पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या केस में डेरा प्रमुख राम रहीम बरी

More Stories
चुनावी मोड में सरकार, एक रुपए तक सस्ती की बिजली दरें
फिनलैंड ट्रेनिंग के लिए जाएगा शिक्षकों का चौथा बैच, मांगे गए आवेदन
कर्नल मारपीट मामला: तीन आरोपियों को मिली पक्की जमानत