नई दिल्ली, 3 फरवरी : लंदन हीथ्रो से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में रविवार को फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी की घटना सामने आने के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों में फ्यूल कंट्रोल स्विचों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल एयर इंडिया के बेड़े में 33 बोइंग 787 विमान शामिल हैं।
पूरे बेड़े की दोबारा जांच के निर्देश
एयर इंडिया के फ्लाइट ऑपरेशंस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष उप्पल ने बोइंग 787 के पायलटों को जानकारी दी कि एहतियात के तौर पर पूरे फ्लीट में फ्यूल कंट्रोल स्विच (FCS) की दोबारा जांच कराई जा रही है। एक विमान में स्विच की खराबी की रिपोर्ट मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। उप्पल ने बताया कि इंजीनियरिंग टीम ने इस तकनीकी खामी के मामले को प्राथमिकता के आधार पर बोइंग को मूल्यांकन के लिए भेज दिया है। बोइंग के जवाब की प्रतीक्षा करते हुए फ्यूल कंट्रोल स्विच के लैच की जांच की जा रही है, ताकि उसके सही संचालन की पुष्टि की जा सके।
अब तक कोई खामी नहीं मिली
एयर इंडिया के अनुसार जिन विमानों की जांच पूरी हो चुकी है, उनमें किसी भी तरह की तकनीकी खराबी नहीं पाई गई है। साथ ही, एयरलाइन ने सभी क्रू मेंबर्स को निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की असामान्यता या खराबी की तुरंत सूचना दी जाए। गौरतलब है कि पिछले साल जून में अहमदाबाद में हुए बोइंग 787-8 विमान हादसे के बाद भी फ्यूल कंट्रोल स्विच जांच के दायरे में आए थे। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के मुताबिक उस हादसे में उड़ान भरने के तुरंत बाद ईंधन की सप्लाई बंद हो गई थी, जिससे विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
यह भी देखें : भारत-अमेरिका डील पर कांग्रेस ने खड़े किए सवाल, कहा मोदी ने हार मानी

More Stories
भारत–फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाई, 21 समझौतों पर हस्ताक्षर
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों भारत पहुंचे, प्रधानमंत्री मोदी से होगी मुलाकात
किली चहलां रैली पर विवाद, पीएमओ को लिखी शिकायत