August 13, 2026

सुनाम हलके में शिक्षा क्षेत्र को और बढ़ावा देने के लिए अमन अरोड़ा की अहम पहल, वितरित किए स्कूल बैग

अमन अरोड़ा

सुनाम, 12 अगस्त 2026: पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम हलके में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र को और बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल के तहत हलके के 129 सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 19,886 विद्यार्थियों को स्कूल बैग उपलब्ध करवाने की शुरुआत की। इसके तहत पहले चरण में 6वीं से 12वीं कक्षा तक की 5,710 छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। यह कार्यक्रम लौंगोवाल के शहीद स. भगवान सिंह सरकारी स्मार्ट स्कूल (कन्यां) में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अरोड़ा की धर्मपत्नी सबीना अरोड़ा भी उनके साथ मौजूद थीं।

अमन अरोड़ा ने बताया कि यह पहल उनके परिवार द्वारा ‘बाबू भगवान दास अरोड़ा फाउंडेशन’ के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हलके के बाकी सभी विद्यार्थियों को भी स्कूल बैग उपलब्ध करवाए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को पढ़ाई से संबंधित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास पैदा करना है।

अमन अरोड़ा ने बताया कि विद्यार्थियों को पढ़ाई में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सुनाम हलके के उन होनहार विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने एन.ई.ई.टी. (NEET) और जे.ई.ई. (JEE) जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।

उन्होंने बताया कि हलके के 13 विद्यार्थियों ने एन.ई.ई.टी./जे.ई.ई. में सफलता हासिल की है, जिनमें 8 छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया।

ये भी देखें: साढ़े 4 सालों में 68 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां, 6.36 लाख प्राइवेट नौकरियों के अवसर पैदा किए – अमन अरोड़ा