August 13, 2026

सरहिंद के पास दिल्ली–अमृतसर रेलवे ट्रैक उड़ाने की कोशिश

सरहिंद के पास दिल्ली–अमृतसर रेलवे...

फतेहगढ़ साहिब, 24 जनवरी : गणतंत्र दिवस से पहले शरारती तत्वों ने दिल्ली–अमृतसर मुख्य रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की कोशिश की। शुक्रवार रात करीब 9:50 बजे सरहिंद रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। शुरुआती जांच में विस्फोटकों के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

26 जनवरी से पहले बड़ी साजिश नाकाम

जानकारी के अनुसार, रेलवे पोल नंबर 1208 के पास गांव कानपुर नजदीक मुख्य लाइन पर धमाका हुआ। विस्फोट के कारण करीब 600 मीटर रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से उस समय कोई यात्री ट्रेन नहीं गुजर रही थी, लेकिन एक मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। हादसे में मालगाड़ी का चालक अनिल शर्मा घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।

ट्रैक की मरम्मत के बाद यातायात बहाल

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी हरकत में आ गए। क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत कर रेल यातायात को कुछ समय बाद बहाल कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांववासियों का कहना है कि उन्होंने रात करीब 1 बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनी थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल सरहिंद रेलवे स्टेशन पर तैनात कर दिया गया। रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाके की गहन जांच की गई। फोरेंसिक और तकनीकी टीमें भी मौके से सबूत इकट्ठा कर रही हैं।

डीआईजी का बयान

रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि रात को रेलवे ट्रैक पर धमाके की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत अलग-अलग टीमें मौके पर भेजी गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इसे आतंकी हमला कहना जल्दबाजी होगी। शुरुआती तौर पर इसे एक आपराधिक घटना मानकर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, धमाके के कारणों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रेलवे व पुलिस प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

यह भी देखें : नाभा जेल में बंद बिक्रम मजीठिया की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल