औरंगाबाद, 7 नवम्बर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देवमोड़ के पास एक चुनावी रैली में अपनी और नीतीश कुमार की वादों पर वोट की अपील की। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की बदौलत बिहार किस तरह समृद्ध हो रहा है। मोदी ने विधानसभा चुनाव के पहले चरण में एनडीए की जीत का श्रेय महिलाओं, युवाओं, किसानों और मतदाताओं को दिया।
कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला
प्रधानमंत्री ने जनता से कहा कि उत्साहपूर्ण मतदान के परिणामस्वरूप मतदान के पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। यह एनडीए की वापसी का संकेत है। जनता को सीधे संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव नीतीश-मोदी की गारंटी और डबल इंजन सरकार द्वारा बिहार के विकास को गति देने का है और जनता ने इस पर मुहर लगा दी है। अपने लगभग 38 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने राजद सरकार को जंगलराज, बंदूक, रंगदारी और जबरन वसूली की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय, राजद ने अभी से रंगदार पैदा करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बंदूक, डबल बैरल बंदूक, रंगदारी और जबरन वसूली की कला सिखानी शुरू कर दी है। मोदी-मोदी के नारों से प्रसन्न होकर प्रधानमंत्री ने कहा कि आप बता रहे हैं कि बिहार की जनता उस युग में वापस नहीं जाना चाहती। मोदी ने जनता से यह भी कहा कि वह अपने द्वारा किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करते हैं।
गयाजी के उमंगेश्वरी माता मंदिर की चर्चा
उन्होंने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और विकास के बारे में जनता को बताया। उन्होंने सड़क, पुल, अस्पताल, रेलवे, कॉलेज और सिंचाई परियोजनाओं पर किए गए और किए जा रहे कार्यों को जनता के साथ साझा किया। उन्होंने कांग्रेस और राजद सरकारों को बिहार विरोधी और विकास विरोधी बताया। प्रधानमंत्री ने मगध की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों जैसे देव सूर्य मंदिर, मदनपुर और गयाजी के उमंगेश्वरी माता मंदिर की चर्चा की।
उन्होंने जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी अनुग्रह नारायण सिंह और जगपति बाबू को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने जनता के बीच अपनी तीन प्रमुख अवधारणाओं का उल्लेख किया। उन्होंने उद्योग और रोजगार सृजन, कृषि और सिंचाई क्षेत्र में विकास और महिला सशक्तीकरण की बात की। उन्होंने औरंगाबाद-बिहटा रेलवे लाइन के निर्माण से क्षेत्र में होने वाले विकास के बारे में भी बताया। उन्होंने उत्तर कोइल नहर परियोजना को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने इसका श्रेय पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि अगली सरकार बनने पर किसानों को सालाना 9,000 रुपये दिए जाएंगे।
गरीब महिलाओं को लखपति दीदी बनाया
महिला सशक्तिकरण पर विशेष ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं के खातों में जमा कराई गई सहायता राशि, उन्हें दिए गए आरक्षण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए गए कार्यों का ज़िक्र किया। उन्होंने जनता से कहा कि वह सिर्फ़ घोषणाएँ नहीं करते, बल्कि उन्हें पूरा भी करते हैं। यही वजह है कि देश की जनता उन पर भरोसा करती है।
यह भी देखें : सजा का खुलासा नहीं तो उम्मीदवारी खत्म होगी : सुप्रीम कोर्ट

More Stories
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर बोले प्रशांत किशोर – 2 करोड़ लोगों का साथ चिंता का विषय
तेलंगाना सरकार का बड़ा फैसला, जूनियर कॉलेजों में शुरू होगी मिड-डे मील योजना
सुप्रीम कोर्ट ने त्विषा शर्मा मौत मामले में स्वत: संज्ञान लिया, 25 मई को होगी सुनवाई