February 19, 2026

चंडीगढ़ में बम धमकी से हड़कंप, सचिवालय और पुलिस मुख्यालय खाली कराए

चंडीगढ़ में बम धमकी से हड़कंप, सचिवालय...

चंडीगढ़, 19 फरवरी : चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय और पुलिस मुख्यालय को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। संबंधित विभाग को सुबह 9:46 बजे एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दोपहर के समय विस्फोट होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। सचिवालय परिसर के मुख्य गेट बंद कर दिए गए और एहतियात के तौर पर अंदर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया।

सघन तलाशी अभियान

मौके पर पुलिस, सीआरपीएफ, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें पहुंचीं। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई। धमकी की सूचना चंडीगढ़ जिला अदालत को भी दी गई, जिसके बाद वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। धमकी के मद्देनजर हरियाणा सचिवालय को भी अलर्ट पर रखा गया है। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होना है। ऐसे में विधानसभा परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दोपहर में होने वाली बीएसी बैठक को देखते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

ईमेल की जांच में जुटीं एजेंसियां

ईमेल में मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य सरकारी इमारतों को निशाना बनाने का उल्लेख बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस या प्रशासन के किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक रूप से ईमेल की सामग्री की पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ईमेल कहां से भेजी गई और इसके पीछे कौन है। हाल के दिनों में राज्य में ऐसी धमकियों की संख्या बढ़ी है।

चंडीगढ़ और मोहाली के कई स्कूलों को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले जिला अदालतों और श्री हरिमंदिर साहिब को भी धमकी भरे संदेश मिले थे। कुछ दिन पहले मोहाली के एक निजी अस्पताल को भी धमकी दी गई थी, जो बाद में फर्जी साबित हुई। लगातार धमकियों के बावजूद अब तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी है।

जनता से अपील

पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी देखें : बरनाला में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ रैली में पहुंचेंगे राहुल गांधी