February 27, 2026

गुरदासपुर मुठभेड़ मामले की सी.बी.आई. जांच करवाई जाए : बिक्रम मजीठिया

गुरदासपुर मुठभेड़ मामले की सी.बी.आई. जांच...

गुरदासपुर, 27 फरवरी : गुरदासपुर में कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए युवक रणजीत सिंह के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पीड़ित परिवार से मिलने गांव आदियां पहुंचे और गहरा दुख व्यक्त किया।

‘झूठे मुठभेड़’ का आरोप

मजीठिया ने कहा कि एक सिख युवक का कथित ‘झूठा पुलिस मुठभेड़’ पंजाब के काले दौर की याद दिलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना की जिम्मेदारी राज्य के गृह मंत्री होने के नाते मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस प्रमुख गौरव यादव पर बनती है। अकाली नेता ने मांग की कि इस कथित फर्जी मुठभेड़ की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके कि यह कार्रवाई किसके कहने पर और क्यों की गई।

उन्होंने कहा कि मामला शुरू से ही संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा पहले दिन दिया गया बयान गैर-जिम्मेदाराना था, जबकि पुलिस भी अपनी थ्योरी बार-बार बदलती रही।

गैंगस्टर एंगल पर सवाल

मजीठिया ने दावा किया कि दो पुलिस कर्मियों की हत्या की जिम्मेदारी एक गैंगस्टर ग्रुप ने ली थी, लेकिन उसकी गहन जांच करने की बजाय पुलिस ने कथित रूप से अपनी विफलता छिपाने या राजनीतिक दबाव में आकर एक निर्दोष युवक को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेगा। मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।

यह भी देखें : 7वीं के छात्र ने डी.सी. को पत्र लिख कर कहा ‘घर के बाहर कुत्ते घेर लेते हैं’