February 5, 2026

कोयला खदान में विस्फोट; 16 मजदूरों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका

कोयला खदान में विस्फोट; 16 मजदूरों...

शिलांग, 5 फरवरी : मेघालय के पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले में एक “अवैध” कोयला खदान में हुए विस्फोट में कम से कम 16 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई. नोंगरांग ने बताया कि राहत एवं बचाव दल खोज अभियान में जुटे हुए हैं। यह हादसा सुबह थांगस्कू इलाके में हुआ।

डीजीपी ने कहा, “अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं। विस्फोट के समय खदान के भीतर मौजूद मजदूरों की सटीक संख्या का अभी पता लगाया जाना बाकी है। अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है।” पूर्वी जैंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि विस्फोट में घायल एक व्यक्ति को पहले सुतंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे शिलांग के अस्पताल में रेफर किया गया।

आशंका जताई जा रही है कि यह विस्फोट कोयला निकालने की गतिविधियों के दौरान हुआ, जिसे अवैध माना जा रहा है। जब कुमार से पूछा गया कि क्या खदान अवैध तरीके से चल रही थी, तो उन्होंने कहा, “हां, ऐसा ही प्रतीत होता है।” उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जाएगी।

यह भी देखें : कांग्रेस के युवराज ने केंद्रीय मंत्री को ग़द्दार कहा, सिखों का अपमान: पीएम मोदी