चंडीगढ़, 10 मार्च : पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस अपनी “राजनीतिक दिवालियापन” की स्थिति को छिपाने के लिए ही बहस से भाग रही है। उन्होंने विपक्ष के चुनावी घोषणा पत्र को जुमलों की किताब बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। विपक्ष के नेता और अन्य कांग्रेसी नेताओं पर निशाना साधते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि वे खुद को विपक्ष का नेता कहते हैं, लेकिन जब सरकार तथ्यों के साथ जवाब देती है तो वे सदन से वॉकआउट कर जाते हैं।
उन्होंने कहा कि 6 मार्च को राज्यपाल के भाषण के दौरान भी कांग्रेस ने इसी तरह का रवैया अपनाया था। अरोड़ा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस असल मुद्दों से भागना चाहती है क्योंकि उसने अपने पांच साल के कार्यकाल में कुछ भी ठोस काम नहीं किया।
2017 के घोषणापत्र के वादों पर उठाए सवाल
अमन अरोड़ा ने सदन में कांग्रेस का 2017 का चुनावी घोषणापत्र दिखाते हुए कांग्रेसी नेताओं को चुनौती दी कि वे बताएं कि उसमें से कौन-सा वादा उन्होंने अपने कार्यकाल में पूरा किया। उन्होंने ‘घर-घर रोजगार’ योजना और हर बेरोजगार युवक को 2,500 रुपये मासिक बेरोजगारी भत्ता देने के वादे की याद दिलाई। अरोड़ा ने कहा कि पांच साल में यह राशि प्रति व्यक्ति करीब 1.5 लाख रुपये बनती है, लेकिन क्या कांग्रेस एक भी ऐसा युवक दिखा सकती है जिसे यह भत्ता मिला हो। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत मान सरकार ने चार साल में युवाओं को 63,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी घेरा
कैबिनेट मंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हर 1,000 लोगों पर एक मोहल्ला क्लीनिक बनाने का वादा किया था, लेकिन एक भी क्लीनिक नहीं बना सकी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने अब तक 881 मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए हैं और 240 अन्य क्लीनिक स्थापित करने की तैयारी है। खेलों के बुनियादी ढांचे को लेकर अरोड़ा ने कहा कि पिछली सरकार इस क्षेत्र में पूरी तरह असफल रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर गांव में खेल परिसर बनाने का वादा किया था, लेकिन एक भी नहीं बनाया। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने 3,100 खेल मैदान बनाए हैं और नए बजट में 6,000 और मैदान बनाने की योजना है।
सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं
अमन अरोड़ा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। किसानों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के लिए जीवीके पावर प्लांट खरीदा गया है, हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है और शिक्षा क्षेत्र में बड़े सुधार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 1.5 लाख करोड़ रुपये के नए निवेश आए हैं, जिनसे लगभग पांच लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
यह भी देखें : माओं-बेटियों का सम्मान, 1000 रुपये महीना और मुफ्त बस सफर

More Stories
पंजाब विधानसभा में आवारा कुत्तों का मुद्दा गूंजा, लुधियाना में बनी पहली डॉग सैंक्चुरी: संजीव अरोड़ा
महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक बजट: डॉ. बलजीत कौर
भाजपा के पूर्व मंत्री सतपाल गोसाईं के पोते अमित गोसाईं अकाली दल में शामिल