नई दिल्ली, 16 मार्च : केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग दर भी अब कम होने लगी है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के दौरान कथित तौर पर एलपीजी की कालाबाजारी की खबरों के बाद देश में गैस संकट की आशंका पैदा हो गई थी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सरकार ने लोगों से अपील की थी कि घबराकर अतिरिक्त गैस सिलेंडर बुक न करें।
बुकिंग में आई कमी
Ministry of Petroleum and Natural Gas ने एक बयान में बताया कि 13 मार्च को जहां 88.8 लाख एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी, वहीं शनिवार को यह संख्या घटकर करीब 77 लाख रह गई। मंत्रालय ने कहा कि देश में किसी भी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप से गैस की कमी की कोई सूचना नहीं मिली है।
कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय के अनुसार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में उपलब्ध हैं।
पीएनजी कनेक्शन अपनाने की सलाह
बड़े शहरों में कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को Piped Natural Gas (PNG) कनेक्शन का विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए उपभोक्ता ई-मेल, पत्र या सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के कस्टमर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
पेट्रोल-डीजल का भी पर्याप्त भंडार
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और इनकी आपूर्ति भी नियमित रूप से जारी है। सरकार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामान्य तरीके से ही गैस की बुकिंग करने की अपील की है।
यह भी देखें : चार राज्यों और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का ऐलान

More Stories
हाईकोर्ट से झटका मिलने के बाद केजरीवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
कटक के SCB अस्पताल में भीषण आग: ICU में 10 मरीजों की मौत
चार राज्यों और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का ऐलान