March 25, 2026

कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, फ्यूल टैंक में लगी आग

कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला...

नई दिल्ली, 25 मार्च : खाड़ी देश कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को एक बड़ा हादसा उस समय हुआ जब ड्रोन ने फ्यूल टैंक को निशाना बनाया। इस हमले के बाद एयरपोर्ट परिसर में आग लग गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार शुरुआती जानकारी में इस हमले से केवल सीमित नुकसान हुआ है। प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-राजही ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आपातकालीन प्रक्रियाएं लागू की गईं और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

लगातार हमलों के निशाने पर कुवैत

खाड़ी क्षेत्र में 28 फरवरी से जारी तनाव के बाद से कुवैत भी हमलों के दायरे में आ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की ओर से ड्रोन हमलों के जरिए कुवैत के महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले 14 मार्च को हुए ड्रोन हमले में एयरपोर्ट के रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया था, जबकि 8 मार्च को फ्यूल टैंकों पर हमला किया गया था। इन घटनाओं में भी कोई बड़ा नुकसान या हताहत नहीं हुआ था।

पहले टर्मिनल पर भी हुआ था हमला

इससे पहले एक अन्य हमले में यात्री टर्मिनल को निशाना बनाया गया था, जिसमें कुछ लोग मामूली रूप से घायल हुए थे और संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। लगातार हो रहे इन हमलों ने क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।