May 13, 2026

बाढ़ के 4 साल बाद भी पाकिस्तान में 14,000 से अधिक स्कूल बने हैं खंडहर

बाढ़ के 4 साल बाद भी पाकिस्तान में 14,000 से...

इस्लामाबाद, 24 मार्च : पाकिस्तान में 2022 की भीषण बाढ़ का असर अब तक खत्म नहीं हुआ है। खासतौर पर सिंध प्रांत में शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है, जहां हजारों स्कूल आज भी खंडहर बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ में कुल 19,808 स्कूल क्षतिग्रस्त हुए थे। इनमें से सिर्फ 5,465 स्कूलों को ही पुनर्निर्माण के लिए चुना गया, जबकि 14,343 स्कूल अब भी बहाली का इंतजार कर रहे हैं।

लाखों बच्चों का भविष्य खतरे में

इस स्थिति के कारण करीब 14 लाख (1.4 मिलियन) छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार का लक्ष्य इन स्कूलों को दोबारा शुरू कर शिक्षा सुविधाएं बहाल करना है, लेकिन काम अभी अधूरा है। पुनर्निर्माण परियोजनाओं पर लगभग 167 बिलियन पाकिस्तानी रुपये का खर्च अनुमानित है। अब तक करीब 63.95 बिलियन रुपये खर्च किए जा चुके हैं और 2,114 स्कूलों का काम पूरा हुआ है।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके

डिवीजन के हिसाब से हैदराबाद डिवीजन – 1,254 स्कूल प्रभावित, लरकाना – 1,218 स्कूल, सुक्कुर – 1,070 स्कूल जिलों में खैरपुर सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 730 स्कूल खंडहर बन चुके हैं। सरकारी रिपोर्ट “गर्ल्स एजुकेशन स्टैटिस्टिक्स एंड ट्रेंड्स 2023-24” के मुताबिक, पाकिस्तान में 2.62 करोड़ बच्चे अभी भी स्कूल से बाहर हैं, जिनमें 34 लाख लड़कियां शामिल हैं।

फंडिंग में कटौती बनी बड़ी वजह

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि शिक्षा बजट 13% से घटकर 11% रह गया है। पंजाब और सिंध जैसे प्रांतों में शिक्षा फंडिंग में कटौती ने संकट को और गहरा कर दिया है।स्कूलों की बदहाल स्थिति, फंड की कमी और धीमी मरम्मत प्रक्रिया ने पाकिस्तान में शिक्षा व्यवस्था को गंभीर संकट में डाल दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आने वाली पीढ़ियों पर इसका गहरा असर पड़ेगा।

यह भी देखें : ट्रंप का दावा : ईरान ‘समझौते’ को तैयार, लेकिन बातचीत से इनकार