February 20, 2026

सरपंच हत्या मामले में डीएसपी और एसएचओ निलंबित

सरपंच हत्या मामले में...

तरणतारन, 19 फरवरी : एक विवाह समारोह के दौरान सरपंच हरबिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद पंजाब पुलिस ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक डीएसपी और एक एसएचओ को निलंबित कर दिया है। यह कदम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा मामले की व्यक्तिगत समीक्षा करने और लापरवाही तय करने के निर्देशों के बाद उठाया गया।

गौरव यादव, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस ने बताया कि डीएसपी (पट्टी) जगबीर सिंह और एसएचओ (सरहाली) गुरविंदर सिंह को निवारक पुलिसिंग में कथित लापरवाही के कारण निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को जांच की नजदीकी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में लाया जा सके।

शादी समारोह में मारी गई गोली

अधिकारियों के अनुसार, हरबिंदर सिंह को सरहाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिद्धू फार्म में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हमलावरों का पीछा करने की कोशिश कर रहे एक राहगीर की भी टांग में गोली लगी है और उसका इलाज जारी है।

निजी रंजिश की आशंका, जांच तेज

सुरेंद्र लांबा, एसएसपी तरनतारन ने बताया कि अब तक की जांच में धमकी या जबरन वसूली से जुड़ा कोई एंगल सामने नहीं आया है। प्रारंभिक जांच से निजी दुश्मनी या बदले की भावना संभावित कारण प्रतीत हो रही है।

उन्होंने बताया कि मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जबकि फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से एक अन्य टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है।

यह भी देखें : किसान नेताओं की रिहाई को लेकर पुलिस-किसान झड़प