April 4, 2026

भारत-पाक मैच विवाद सुलझाने के लिए प्रयास तेज, मीटिंगों का सिलसिला जारी

भारत-पाक मैच विवाद सुलझाने के लिए...

इस्लामाबाद, 9 फरवरी : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन अमीनुल इस्लाम और आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा से मुलाकात की। यह बैठक भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप मैच के बहिष्कार से पैदा हुए विवाद को सुलझाने की कोशिशों के बीच हुई। सिंगापुर का प्रतिनिधित्व करने वाले इमरान ख्वाजा आईसीसी में प्रभावशाली माने जाते हैं। वे एसोसिएट मेंबर डायरेक्टर के रूप में बोर्ड में वोट का अधिकार भी रखते हैं।

ख्वाजा को बनाया गया मध्यस्थ

पीसीबी के करीबी सूत्रों ने पुष्टि की है कि आईसीसी ने इस विवादित मामले में इमरान ख्वाजा को मध्यस्थ नियुक्त किया है। वे पिछले कुछ समय से पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन अमीनुल इस्लाम पहले से ही लाहौर में मौजूद हैं और उनकी नकवी से पहले ही बैठक हो चुकी है। इमरान ख्वाजा और अमीनुल इस्लाम का हवाई अड्डे पर पीसीबी अधिकारियों ने स्वागत किया और उन्हें गद्दाफी स्टेडियम ले जाया गया।

आईसीसी बोर्ड से होगी ऑनलाइन चर्चा

सूत्रों के अनुसार, नकवी से बातचीत के बाद ख्वाजा और अमीनुल आईसीसी संचालन बोर्ड के कुछ सदस्यों के साथ ऑनलाइन चर्चा भी करेंगे। सूत्रों का कहना है कि आईसीसी पूरी कोशिश कर रहा है कि पीसीबी सरकार से अनुमति लेकर 15 फरवरी को होने वाला भारत के खिलाफ मैच खेले। श्रीलंका क्रिकेट की ओर से पीसीबी को ई-मेल भेजे जाने के बाद स्थिति में बदलाव आया है।

विवाद की जड़ क्या है

यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला लिया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए लिया गया है।