March 7, 2026

EPFO पेंशन : न्यूनतम पेंशन ₹7500 करने की मांग, 3 दिन प्रदर्शन करेंगे पेंशनर

EPFO पेंशन : न्यूनतम पेंशन ₹7500...

नई दिल्ली, 7 मार्च : EPFO पेंशन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, Employees’ Pension Scheme-1995 (EPS-95) के तहत आने वाले पेंशनर न्यूनतम पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार पेंशनर 9 मार्च से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर तीन दिन का प्रदर्शन करेंगे।

समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक पेंशनर मौजूदा ₹1000 मासिक पेंशन को बढ़ाकर ₹7500 करने की मांग करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन EPS-95 नेशनल एजीटेशन कमेटी ने बुलाया है, जिसकी अगुवाई इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत कर रहे हैं।

इन लोगों से की गई अपील

एक बयान के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों, सहकारी संस्थाओं, निजी क्षेत्र, मिलों और मीडिया संस्थानों से जुड़े लगभग 81 लाख पेंशनर पिछले नौ वर्षों से अपनी मांगें उठा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार नेशनल एजीटेशन कमेटी ने कहा कि प्रधानमंत्री, सभी केंद्रीय मंत्रियों और सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से अपील की गई है, लेकिन सरकार बुजुर्ग पेंशनरों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही।

बयान में कहा गया है कि 30–35 साल की सेवा के दौरान EPFO में नियमित रूप से पेंशन अंशदान जमा करने के बावजूद पेंशनभोगियों को औसतन केवल ₹1171 प्रति माह पेंशन मिल रही है।

कम पेंशन को लेकर नाराजगी

कमेटी ने आरोप लगाया कि इतनी कम पेंशन और मुफ्त चिकित्सा सुविधा की कमी के कारण देशभर में हर दिन औसतन 200–250 पेंशनरों की समय से पहले मौत हो रही है। लगातार हो रही अनदेखी से नाराज पेंशनर संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत के दौरान 9, 10 और 11 मार्च को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।