February 25, 2026

पैर बांधे, मुंह में ठूंसा कपड़ा… 2 महीने का मासूम, मां ने बेरहमी से की हत्या

पैर बांधे, मुंह में ठूंसा कपड़ा…

नई दिल्ली, 25 फरवरी: तेलंगाना से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक निर्माणाधीन (अंडर कंस्ट्रक्शन) अपार्टमेंट में मां ने अपने महज दो महीने के बच्चे की कथित रूप से बेरहमी से हत्या कर दी।

‘डायल 100’ पर आई कॉल से खुला मामला

पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे ‘डायल 100’ पर सूचना मिली कि आउटर रिंग रोड के पास स्थित स्पीड सनरैली अपार्टमेंट में एक शिशु की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

एसीपी शंकर रेड्डी ने बताया कि जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और उसके पैर रस्सी से बंधे हुए थे। गंभीर चोटों और दम घुटने के कारण मासूम की मौत हो चुकी थी।

पिता ने सुनाई आपबीती

इस मामले की शिकायत 21 वर्षीय राजेंद्र आदिवासी ने दर्ज कराई, जो मध्य प्रदेश के सागर जिले का रहने वाला है। वह तेलंगाना में मजदूरी करता है और अपनी 20 वर्षीय पत्नी ममता अहिरवार तथा दो महीने के बेटे सूर्या के साथ एक कच्चे कमरे में रह रहा था।

राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह सुबह काम पर गया था और बच्चा उसकी पत्नी के पास था। जब वह करीब 11 बजे वापस लौटा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी आग के पास बैठी थी और बच्चे को जलाने की कोशिश कर रही थी। जब उसने पत्नी को हटाकर देखा, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

हत्या की वजह: बच्चे का लगातार रोना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बच्चा पिछले कुछ दिनों से लगातार रो रहा था, जिससे ममता काफी परेशान थी। कथित तौर पर बच्चे को चुप कराने के लिए उसने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और पैर बांध दिए। दम घुटने से मौत होने के बाद उसने शव को आग में डालने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।