February 23, 2026

कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की सुपारी लेने वाला गैंगस्टर गिरफ्तार

कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की ...

नई दिल्ली, 2 अक्तूबर : दिल्ली पुलिस ने जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर एक मुठभेड़ के दौरान रोहित गोदारा-गोल्डी बरार-वीरेंद्र चरण गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह को कथित तौर पर स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की हत्या की सुपारी दी गई थी। गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों की पहचान राहुल और साहिल के रूप में हुई है, जो हरियाणा के पानीपत और भिवानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जांचकर्ताओं के अनुसार, दोनों को विदेश में रहने वाले रोहित गोदारा से फारूकी की हत्या के निर्देश मिल रहे थे। गोदारा गोल्डी बरार और वीरेंद्र चरण के साथ मिलकर काम कर रहा है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने फारूकी को पकड़ने के लिए मुंबई और बेंगलुरु में उसकी जासूसी भी की। फारूकी ने 2024 में रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ जीता था और इंस्टाग्राम पर उसके 1.42 करोड़ फॉलोअर्स हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से घायल हुआ राहुल दिसंबर 2024 में हरियाणा के यमुनानगर में हुए तिहरे हत्याकांड में वांछित था। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में इस्तेमाल किए गए हथियार और एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है।

यह भी देखें : राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं