वॉशिंगटन, 9 अप्रैल : अमेरिका और ईरान के बीच घोषित दो हफ्ते की युद्धविराम (सीज़फायर) के बीच कूटनीतिक तनाव खुलकर सामने आ गया है। व्हाइट हाउस ने ईरान द्वारा पेश किए गए 10 सूत्रीय प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की शर्तों को स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि यह प्रस्ताव “पूरी तरह हास्यास्पद और अस्वीकार्य” है।
‘इच्छा सूची’ नहीं बन सकती समझौता
लेविट ने कहा कि यह मानना ही बेतुका है कि ट्रंप प्रशासन ईरान की “इच्छा सूची” को किसी समझौते के रूप में स्वीकार करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव की समीक्षा के बाद इसे तुरंत खारिज कर दिया गया।
हालांकि सार्वजनिक तौर पर टकराव दिख रहा है, लेकिन दोनों देशों के बीच पर्दे के पीछे बातचीत जारी है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि कुछ “कार्यक्षील” शर्तों पर विचार हो रहा है, हालांकि उनकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। इस पूरे मामले में लेबनान को लेकर बड़ा मतभेद सामने आया है। ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि लेबनान इस युद्धविराम समझौते का हिस्सा नहीं है।
हिज़बुल्ला पर हमले जारी रहेंगे
ट्रंप के अनुसार, लेबनान में हिज़बुल्ला के खिलाफ इज़राइल के हमले जारी रहेंगे क्योंकि यह एक अलग मोर्चा है। दूसरी ओर, ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि उनके प्रस्ताव में लेबनान में हिज़बुल्ला पर इज़राइली हमलों को रोकने की शर्त शामिल थी। इज़राइल ने ट्रंप के रुख का समर्थन करते हुए लेबनान में अपने सैन्य हमलों को और तेज कर दिया है, जिससे यह साफ हो गया है कि वह इस संघर्ष को युद्धविराम से अलग मानता है।
सीज़फायर के बावजूद अमेरिका, ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते मतभेदों ने क्षेत्र में अस्थिरता को और बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है।

More Stories
मेयर Ken Sim द्वारा MLB टीम लाने का प्रस्ताव, उठे सवाल
मध्य पूर्व तनाव का असर: कनाडा में खाद्य सप्लायर्स ने लगाया फ्यूल सरचार्ज
बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप ने ईरान से फिर बातचीत की इच्छा जताई