April 3, 2026

बठिंडा में सरेआम बिक रहे नशीले पदार्थ, हरसिमरत कौर बादल ने जारी की वीडियो

बठिंडा में सरेआम बिक रहे नशीले पदार्थ...

बठिंडा, 16 फरवरी : हरसिमरत कौर बादल ने बठिंडा में खुलेआम नशे की बिक्री का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें कुछ लोग कथित रूप से नशीले पदार्थों का लेन-देन करते दिखाई दे रहे हैं। हरसिमरत कौर बादल ने दावा किया कि बठिंडा शहर में सुबह से शाम तक नशे की सप्लाई जारी है और पुलिस इसे रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो जमीनी हकीकत को उजागर करता है और प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को ‘नशों के खिलाफ जंग’ जैसे अभियानों पर रैलियां और प्रचार करने के बजाय वास्तविक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

दूसरी ओर, वीडियो सामने आने के लगभग 12 घंटे बाद बठिंडा पुलिस ने कार्रवाई का दावा किया है। कोतवाली थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर परविंदर सिंह के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही जगह की पहचान मछली मार्केट चौक के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में नजर आ रहे व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस संबंध में पुलिस ने अपना एक वीडियो बयान भी जारी किया है।

यह भी देखें : पंजाब में गैंगरेप: फेसबुक फ्रेंड को उत्तराखंड से बुलाकर वारदात, 4 नामजद