जालंधर, 16 फरवरी : पंजाब के जालंधर में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक के जरिए दोस्त बने युवक ने उसे उत्तराखंड से जालंधर बुलाया और नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता का कहना है कि उसे बाद में कपूरथला ले जाया गया, जहां उसके साथ गैंगरेप किया गया और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई।
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
27 वर्षीय युवती, जो उत्तराखंड की रहने वाली है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान न्यू दियोल नगर निवासी मनप्रीत सिंह से फेसबुक पर हुई थी। बाद में दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि मनप्रीत ने उसे मिलने के लिए जालंधर बुलाया। युवती के अनुसार, जब वह जालंधर पहुंची तो कचहरी चौक पर मनप्रीत अपने जीजा और एक साथी के साथ कार में आया और उसे साथ ले गया।
नशीला पदार्थ सुंघाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में उसे कोई नशीली चीज सुंघाई गई, जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को कपूरथला में पाया। युवती ने आरोप लगाया कि बेहोशी की हालत में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और अन्य लोगों से भी जबरन शारीरिक संबंध बनवाए गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी।
जीरो एफआईआर के बाद मामला जालंधर ट्रांसफर
युवती ने पहले कपूरथला पुलिस को शिकायत दी। वहां पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर मामला जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। थाना नई बारादरी पुलिस ने मनप्रीत सिंह, उसके जीजा रवनीत सिंह और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल लोकेशन और अन्य सबूतों के आधार पर जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
यह भी देखें : मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती

More Stories
बठिंडा में कपड़ा व्यापारी से 23 लाख की ठगी, फिरोजपुर के दो लोगों पर केस
माहिलपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 7 मोटरसाइकिल और 1 एक्टिवा बरामद, चार चोर गिरफ्तार
जालंधर कैंट में बिजली ट्रांसफार्मर में भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी