February 5, 2026

दिल दहला देने वाली वारदात: रोती बेटी से झुंझलाए शराबी पिता ने की हत्या

दिल दहला देने वाली वारदात: रोती बेटी...

जालंधर, 5 फरवरी : जालंधर के दूरदर्शन एन्क्लेव में मंगलवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपनी ही 5 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बच्ची का कसूर सिर्फ इतना था कि वह लगातार रो रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता अरविंदर, जो पेशे से वेल्डर है, शराब पीने का आदी था। मंगलवार को भी उसने अत्यधिक शराब पी रखी थी। उसकी बेटी निहारिका लगातार रो रही थी, जिसे उसकी मां चुप कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बच्ची शांत नहीं हुई। इसी बात पर अरविंदर भड़क उठा।

पहले मारपीट, फिर हत्या

आरोपी ने पहले पत्नी के साथ गाली-गलौज की और फिर बच्ची के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब पत्नी ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी ने निहारिका का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कमरे से बच्ची की मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना डिवीजन-7 के एसएचओ बलजिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे में इतना चूर था कि अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।