कौशांबी, 27 मार्च: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर सैनी क्षेत्र के दोरमा गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक एक तेज रफ्तार पिकअप ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रॉले से टकरा गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
मुंडन संस्कार से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, पिकअप ट्रक में सवार सभी लोग संगम में मुंडन संस्कार कराकर प्रयागराज से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाहन में करीब 35 लोग सवार थे, जिनमें 11 बच्चे भी शामिल थे। हादसे में कई मासूमों की भी जान चली गई, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। ‘डायल 108’ एंबुलेंस सेवा को तुरंत अलर्ट किया गया, जिसके बाद कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। एसपी राजेश कुमार अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में गुड़िया, कल्लो, सुखरानिया, दर्शनीया और राजकुमारी समेत कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 7 वर्षीय ध्रुव, 10 वर्षीय मयंक और एक अन्य 8 वर्षीय बच्चे की भी जान गई है। एक बच्चे की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर करता है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

More Stories
गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, एटीएम कैश वैन लूट के दो इनामी बदमाश ढेर
तमिलनाडु में आज फ्लोर टेस्ट, CM विजय सदन में साबित करेंगे बहुमत
बंगाल में सीएम शुभेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान, भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर 45 दिनों में लगेगी बाड़