नई दिल्ली, 5 मार्च : भारत सरकार ने उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका ईरान पर हमलों के लिए भारतीय बंदरगाहों का इस्तेमाल कर रहा है। भारत का विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा बताया है।
अमेरिकी पूर्व सैन्य अधिकारी ने किया था दावा
यह विवाद तब सामने आया जब अमेरिकी सेना के पूर्व कर्नल डगलस मैकग्रेगर ने वन अमेरिका न्यूज नेटवर्क (OAN) को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध में अमेरिकी नौसेना भारतीय नौसैनिक ठिकानों और बंदरगाहों पर निर्भर हो गई है।
मैकग्रेगर ने इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिका के कई सैन्य अड्डे और बंदरगाह नष्ट हो चुके हैं, जिसके कारण उन्हें भारत के बंदरगाहों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
विदेश मंत्रालय ने बताया ‘फर्जी’
इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के फैक्ट-चेक अकाउंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि OAN पर किए जा रहे ये दावे फेक और पूरी तरह झूठे हैं। मंत्रालय ने लोगों को ऐसी बेबुनियाद और मनगढ़ंत टिप्पणियों से सावधान रहने की भी सलाह दी।
सरकार ने स्पष्ट किया कि भारत के किसी भी बंदरगाह का इस्तेमाल अमेरिकी नौसेना द्वारा ईरान के खिलाफ किसी सैन्य कार्रवाई के लिए नहीं किया जा रहा है।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच बयान
यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। भारत ने क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष पर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने, युद्ध को आगे न बढ़ाने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
यह भी देखें : श्रीनगर के सांसद और पूर्व मेयर पर भ्रामक प्रचार का मामला दर्ज

More Stories
नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा, सोशल मीडिया पोस्ट से अटकलों पर विराम
श्रीनगर के सांसद और पूर्व मेयर पर भ्रामक प्रचार का मामला दर्ज
कौन हैं मोजतबा खामेनेई? जिनके हाथों में सौंपी गई ईरान की कमान