नई दिल्ली, 5 मार्च : अनुराग डोभाल उर्फ यूके07 राइडर ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक भावुक वीडियो साझा कर अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। करीब दो घंटे से अधिक लंबी इस वीडियो में वह रोते हुए नजर आए और अपने परिवार पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए।
‘यह मेरी आखिरी वीडियो हो सकती है’
वीडियो में अनुराग ने कहा कि यह शायद उनकी आखिरी वीडियो हो सकती है और इसके बाद वह सोशल मीडिया से गायब हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी में इस समय भारी उथल-पुथल चल रही है और वह गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।
अनुराग ने बताया कि जब वह केवल 14 साल के थे तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर हुआ था। उस कठिन समय में भी उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अपने करियर को बनाने के लिए कड़ी मेहनत की।
माता-पिता पर लगाए गंभीर आरोप
यूट्यूबर ने आरोप लगाया कि उन्होंने हमेशा अपने माता-पिता की जरूरतों को अपनी जरूरतों से ऊपर रखा, लेकिन अंत में उन्हीं लोगों ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो परिवार की छवि दिखाई देती है, वह वास्तविकता से बिल्कुल अलग है।
अंतरजातीय विवाह के खिलाफ था परिवार
अनुराग ने बताया कि उनकी पत्नी रितिका पहले उनकी प्रशंसक थीं और लंबे समय से उन्हें मैसेज कर रही थीं। बाद में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और वे रिश्ते में आ गए।
उन्होंने कहा कि उनका परिवार उनके अंतरजातीय विवाह के खिलाफ था। यहां तक कि शादी से पांच दिन पहले उनके माता-पिता ने शादी में शामिल होने से भी इनकार कर दिया था।
शादी में शामिल नहीं हुए माता-पिता
अनुराग के मुताबिक, उन्होंने अपनी शादी की पूरी तैयारी खुद की क्योंकि उनके माता-पिता समारोह में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें मानसिक रूप से बहुत कमजोर कर दिया। वीडियो में अनुराग ने कहा कि वह गहरे डिप्रेशन में हैं और पिछले कई दिनों से ठीक से खा भी नहीं पाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह इस स्थिति से कैसे बाहर निकलें।
पत्नी के अलग होने का दावा
अनुराग ने दावा किया कि उनके परिवार ने उनकी संपत्ति भी अपने कब्जे में ले ली है और उनकी पत्नी भी दूसरों के बहकावे में आकर उन्हें छोड़कर चली गई हैं।
वीडियो में उन्होंने कुछ ऑडियो क्लिप और व्हाट्सऐप संदेश भी साझा किए, जिनमें उनके भाई द्वारा उन्हें “एक्सपोज” करने की धमकी देने का भी जिक्र किया गया है।

More Stories
फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज, राम-सीता के विवाह की झलक
शरत सक्सेना की सेहत को लेकर फैंस चिंतित, सर्जरी से पहले शेयर की MRI तस्वीरें
Golmaal 5 Release Date: ‘गोलमाल 5’ में फिर मिलेगा हंसी का डबल डोज, सामने आई फिल्म की रिलीज डेट