April 16, 2026

हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य पर ईरान का नया प्रस्ताव, अमेरिका के साथ बातचीत जारी

हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य पर ईरान का नया प्रस्ताव...

नई दिल्ली, 16 अप्रैल : ईरान ने अमेरिका के सामने एक अहम प्रस्ताव रखा है, जिसमें हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के ओमान वाले हिस्से से जहाजों को बिना किसी हमले के सुरक्षित गुजरने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है। यह प्रस्ताव इस शर्त पर आधारित है कि दोनों पक्ष नए सिरे से संघर्ष रोकने के लिए किसी समझौते पर पहुंचें। इस संबंध में जानकारी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से दी है।

ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव के चलते वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ा है। दरअसल, हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से दुनिया के करीब 20% तेल और एलएनजी का परिवहन होता है, जिसे लेकर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

हजारों नाविक अब भी फंसे

8 अप्रैल को लागू हुई दो हफ्तों की जंगबंदी के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि युद्ध समाप्ति के करीब है, लेकिन हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य पर नियंत्रण अब भी बातचीत का अहम मुद्दा बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, तेहरान इस बात पर विचार कर रहा है कि जहाजों को ओमान के जलक्षेत्र से होकर बिना किसी बाधा के गुजरने दिया जाए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान वहां बिछाई गई समुद्री सुरंगों (माइंस) को हटाने के लिए तैयार है या नहीं, और क्या सभी जहाजों यहां तक कि इजराइल से जुड़े जहाजों को भी समान रूप से अनुमति दी जाएगी।

इस प्रस्ताव पर व्हाइट हाउस और ईरानी विदेश मंत्रालय की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पश्चिमी सुरक्षा सूत्रों के अनुसार यह प्रस्ताव अभी विचाराधीन है और वॉशिंगटन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।