नई दिल्ली, 11 अप्रैल : दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने एक बड़े जासूसी और आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए दिल्ली और पंजाब से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी संवेदनशील इलाकों में सोलर पावर से चलने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाकर सेना और अर्धसैनिक बलों की गतिविधियों की लाइव फुटेज पाकिस्तान भेज रहे थे। देशभर से ऐसे 9 कैमरे बरामद किए गए हैं।
पहले भी सामने आ चुका है मामला
इस जासूसी नेटवर्क का खुलासा पहली बार 14 मार्च को गाजियाबाद के कौशांबी में हुआ था, जहां 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे ट्रैक के पास जासूसी की जानकारी मिली थी। इसके बाद 15 और लोगों को पकड़ा गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस नेटवर्क के तीन मुख्य उद्देश्य थे संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरे लगाकर जासूसी करना, सीमा पार से हथियारों की तस्करी, विभिन्न जगहों पर ग्रेनेड हमलों की साजिश रचना।
पंजाब से 5 आरोपी गिरफ्तार
एक अलग ऑपरेशन में मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर पंजाब से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें गुरजीत सिंह (कपूरथला), रिंपलदीप सिंह (फाजिल्का), सलविंदर सिंह उर्फ कालू, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (मोगा) और बूटा सिंह शामिल हैं। ये सभी सेना और बीएसएफ कैंपों की रेकी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों से बड़ी मात्रा में संवेदनशील जानकारी, फोटो, वीडियो और लोकेशन डेटा बरामद किया गया है।
पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर कर रहे थे संचालन
जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर, आईएसआई और गैंगस्टरों के साथ मिलकर भारत में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। पंजाब के पठानकोट-जालंधर मार्ग पर मीरथल के पास भी एक सोलर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था, जिसकी पुष्टि स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने की है।
यह भी देखें : नेवी के जंगी जहाजों पर तैनात MiG-29K के सब सिस्टम भारत में होगा तैयार

More Stories
नेवी के जंगी जहाजों पर तैनात MiG-29K के सब सिस्टम भारत में होगा तैयार
पश्चिम एशिया संकट के बीच अमेरिका में भारत की जोरदार तैयारी
गुजरात के पोरबंदर में शराब की दुकान को मंजूरी, लोगाें ने क्या कहा