नई दिल्ली, 18 मार्च : आईसीसी की ताज़ा रैंकिंग में कई खिलाड़ियों को बड़ा फायदा हुआ है। भारतीय तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह बिना कोई नया टी-20 मैच खेले ही टॉप-5 में पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के हालिया मुकाबलों के बाद रैंकिंग में बदलाव हुआ, जिससे बुमराह को एक स्थान का फायदा मिला और वह 702 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
वहीं बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने शानदार प्रदर्शन के दम पर वनडे रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्होंने 3 मैचों में 5 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके चलते वह आईसीसी वनडे गेंदबाज़ों की रैंकिंग में 9 स्थान ऊपर चढ़कर 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। साथ ही, ऑलराउंडर रैंकिंग में भी वह दूसरे नंबर पर काबिज हो गए हैं।
आईसीसी रैंकिंग अपडेट
बांग्लादेश के अन्य खिलाड़ियों में तंजीद हसन, लिटन दास, तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान की रैंकिंग में भी सुधार देखा गया है। पाकिस्तान के सलमान अली आगा को भी इस अपडेट में फायदा मिला है। वह वनडे बल्लेबाज़ों की सूची में 9वें और ऑलराउंडर रैंकिंग में 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि कप्तान शाहीन अफरीदी ऑलराउंडर सूची में 25वें नंबर पर आ गए हैं।
अभिषेक शर्मा टी-20 में नंबर-1
टी-20 फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर का प्रदर्शन भी चर्चा में है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी सीरीज में शानदार खेल के दम पर उन्होंने गेंदबाज़ों की रैंकिंग में 11 स्थान की छलांग लगाकर 13वां स्थान हासिल किया है। वहीं ऑलराउंडर रैंकिंग में भी वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ स्थिति, 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि अभिषेक शर्मा टी-20 बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में अब भी नंबर-1 पर बने हुए हैं।
इसके अलावा लॉकी फर्ग्यूसन और डेवोन कॉनवे की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है, जबकि दक्षिण अफ्रीका के जॉर्ज लिंडे और ओटनील बार्टमैन ने भी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है।

More Stories
भारत में पेट्रोल भंडारण पर सवाल: संसदीय समिति की रिपोर्ट में रणनीतिक रिज़र्व को लेकर चिंता
LPG संकट: राज्यों को 10% अतिरिक्त कमर्शियल गैस कोटा
सोना 11 लाख और चांदी 6.5 लाख पार? बड़ी भविष्यवाणी से बाजार में हलचल