April 10, 2026

कमल कौर भाबा हत्या मामला: मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों यूएई से गिरफ्तार

कमल कौर भाबा हत्या मामला: मुख्य...

बठिंडा, 10 अप्रैल: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ “कमल कौर भाबा” की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बठिंडा पुलिस ने मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, यूएई में हिरासत में लिए गए अमृतपाल सिंह मेहरों को बठिंडा पुलिस की टीम ने औपचारिक प्रक्रिया के बाद भारत लाकर अपनी हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वह शारजाह में वीज़ा संबंधी जांच के दौरान पहले हिरासत में लिया गया था।

पिछले साल हुई थी हत्या

कंचन कुमारी, जो इंस्टाग्राम पर “कमल कौर भाबा” नाम से सक्रिय थीं, की हत्या पिछले साल जून में बठिंडा में हुई थी। उनका शव चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक निजी अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कार से बरामद हुआ था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या से पहले लगभग तीन महीने तक कंचन की गतिविधियों पर नजर रखी थी। आरोपी कई बार उनके घर और आसपास क्षेत्र में भी गए थे और संपर्क स्थापित करने की कोशिश की थी

हत्या की योजना कैसे बनी

जांच के अनुसार:

  • 8 जून को आरोपी ने कंचन से संपर्क कर बठिंडा बुलाया
  • 9 जून को वह लुधियाना से बठिंडा पहुंचीं
  • रास्ते में आरोपी उनकी कार में सवार हुए
  • बाद में सुनसान स्थान पर हमला कर हत्या की गई

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन छीने और पासवर्ड मांगने के बाद हमला किया। बठिंडा पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने इसे एक सुनियोजित हत्या बताते हुए कहा कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।