ढाका/राजबाड़ी, 26 मार्च : बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी राजबाड़ी जिले में एक दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। एक बस फेरी पर चढ़ने के दौरान नियंत्रण खो बैठी और पदमा नदी में जा गिरी। कई यात्री अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
फेरी पर चढ़ते समय हुआ हादसा
यह हादसा राजबाड़ी जिले के दौलतदिया टर्मिनल पर बुधवार शाम करीब 5:15 बजे हुआ। ढाका जा रही बस जब पॉन्टून (तैरते पुल) के जरिए फेरी पर चढ़ रही थी, तभी एक सहायक नाव के टकराने से संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे नदी में गिर गई। फायर सर्विस के अधिकारी सोहेल राणा के अनुसार, बचाव कार्य के लिए ‘हमजा’ नामक विशेष पोत और क्रेन की मदद ली गई। खराब मौसम के बावजूद करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद आधी रात को बस को पानी से बाहर निकाला गया।
बस से बरामद हुईं कई लाशें
बस के अंदर से 14 शव बरामद किए गए, जबकि दो महिलाओं के शव पहले ही गोताखोर निकाल चुके थे। अब तक कुल 24 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बताया जा रहा है कि बस में बच्चों समेत करीब 40 यात्री सवार थे, जो ईद की छुट्टियां मनाकर राजधानी लौट रहे थे। कई यात्री एक ही परिवार के थे। अब तक 11 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।
प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने जिला प्रशासन से बात कर हालात का जायजा लिया और हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल सेना, पुलिस और तटरक्षक बल के गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
यह भी देखें : नीरव मोदी को बड़ा झटका: लंदन हाई कोर्ट ने खारिज की पुनर्विचार याचिका

More Stories
नीरव मोदी को बड़ा झटका: लंदन हाई कोर्ट ने खारिज की पुनर्विचार याचिका
ट्रंप ने ईरान को दिया युद्ध रोकने का दिया प्रस्ताव
कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, फ्यूल टैंक में लगी आग