April 7, 2026

मक्खन बराड़ की अकाली दल में वापसी, पार्टी को मिलेगी मजबूती

मक्खन बराड़ की अकाली दल में वापसी...

मुक्तसर, 7 अप्रैल : शिरोमणि अकाली दल के दिवंगत नेता जत्थेदार तोता सिंह के पुत्र बरजिंदर सिंह ‘मक्खन बराड़’ आज एक बार फिर अपनी पुरानी पार्टी शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल होने जा रहे हैं। वह आज सुबह गांव बादल स्थित निवास पर पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में औपचारिक रूप से पार्टी में वापसी करेंगे।गौरतलब है कि मक्खन बराड़ ने महज तीन दिन पहले ही शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।

पार्टी छोड़ते समय लगाए गंभीर आरोप

मक्खन बराड़, जो पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉर्पोरेशन के चेयरमैन भी रह चुके हैं, ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने ज्ञानी हरप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह इयाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ये नेता एजेंसियों के साथ मिलकर पंथ को गुमराह कर रहे हैं। मोगा जिले की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले मक्खन बराड़ की वापसी को अकाली दल के लिए बड़ा राजनीतिक फायदा माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक वह अपने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होंगे।

मोगा और धर्मकोट में मजबूत होगी स्थिति

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मक्खन बराड़ की घर वापसी से मोगा और धर्मकोट हलकों में अकाली दल की स्थिति और मजबूत होगी। बराड़ की वापसी को आगामी चुनावों से पहले अकाली दल की रणनीतिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पार्टी अपने पुराने आधार को फिर से संगठित करने की कोशिश कर रही है।

यह भी देखें : पंजाब सरकार ने पराली प्रबंधन के लिए 600 करोड़ रुपये मंजूर किए