चंडीगढ़/कनाडा, 5 मार्च : सोशल मीडिया पर अपने तीखे और विवादित बयानों के लिए जानी जाने वाली 45 वर्षीय Nancy Grewal की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतका की पहचान कनाडा के विंडसर क्षेत्र की रहने वाली नैंसी ग्रेवाल के रूप में की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस और पैरामेडिक्स को टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर बचाव कर्मियों को एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जो चाकू के कई घावों से जूझ रही थी।
उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाद में मृतका की पहचान नैंसी ग्रेवाल के रूप में की।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले को एक अलग घटना के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस मामले में कोई संदिग्ध हिरासत में है या नहीं। बुधवार सुबह अधिकारियों ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच दो घरों को घेर लिया। एक घर के सामने बने कंक्रीट के रास्ते और सीढ़ियों पर कई सबूत मार्कर भी लगाए गए।
इसके अलावा लगभग एक किलोमीटर दूर टॉड लेन पर एक जंगल जैसे इलाके के आसपास भी पीली पुलिस टेप लगाई गई, जहां पैदल चलने वाले रास्तों का प्रवेश द्वार है।
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
पुलिस ने इस हत्या के मामले में जानकारी रखने वाले लोगों से आगे आने की अपील की है। जांच अधिकारी डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर ने लोगों से संपर्क करने को कहा है। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों से सीसीटीवी फुटेज भी मांगी जा रही है।
कौन थी Nancy Grewal
Nancy Grewal सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय थी। वह सिख राजनीति, बड़े राजनीतिक नेताओं और विशेष रूप से Radha Soami Satsang Beas के प्रमुख के खिलाफ अपनी तीखी और विवादित टिप्पणियों के लिए जानी जाती थी। उनकी कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती थीं, जिसके कारण उन्हें कई बार विरोध का सामना भी करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने उनकी तस्वीर सार्वजनिक नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

More Stories
पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल चुनाव, सांसद मीत हेयर ने एबीवीपी पर लगाया गंभीर आरोप
पंजाब-चंडीगढ़ में आज बारिश के आसार, बठिंडा में सबसे अधिक 38 डिग्री तापमान
चंडीगढ़ की सुरक्षा को मिलेगी नई AI सुरक्षा कवच, CCTV नेटवर्क होगा दोगुना