February 14, 2026

निखिल गुप्ता का बड़ा कबूलनामा, कोर्ट में पन्नू की हत्या की साजिश स्वीकार

निखिल गुप्ता का बड़ा कबूलनामा...

न्यूयॉर्क, 14 फरवरी : अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्य आरोपी निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क की एक फेडरल अदालत में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। 54 वर्षीय निखिल गुप्ता ने मैनहट्टन की संघीय अदालत में जज के समक्ष पेश होकर ‘मर्डर-फॉर-हायर’ (पैसे देकर हत्या करवाने), हत्या की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग सहित तीन गंभीर आरोपों में दोष स्वीकार किया। इन आरोपों के तहत उसे अधिकतम 40 वर्ष तक की सजा हो सकती है।

चेक गणराज्य से हुआ था प्रत्यर्पण

निखिल गुप्ता को 2023 में चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जून 2024 में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया। अमेरिका पहुंचने के बाद उसने शुरुआत में खुद को निर्दोष बताया था, लेकिन अब अदालत में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

भारत सरकार ने खुद को बताया अलग

भारत सरकार ने इस मामले से खुद को पूरी तरह अलग बताते हुए कहा है कि ऐसी किसी भी कार्रवाई का सरकारी नीति से कोई संबंध नहीं है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार कथित साजिश मई 2023 में शुरू हुई थी, जिसमें ‘यादव’ नामक एक पूर्व भारतीय सरकारी कर्मचारी की संलिप्तता का दावा किया गया है।

गुरपतवंत सिंह पन्नू न्यूयॉर्क स्थित एक वकील और संगठन Sikhs for Justice (SFJ) का प्रमुख है। भारत सरकार ने उसे आतंकवादी घोषित किया हुआ है। पन्नू पर आरोप है कि वह वीडियो संदेशों के जरिए भारत विरोधी बयान और धमकियां देता रहा है।

यह भी देखें : यूसी बर्कले में पढ़ रहे साकेत श्रीनिवासैया अमेरिका में लापता