February 12, 2026

सत्तारूढ़ पार्टी के इशारे पर नामांकन पत्र खारिज किए गए: अकाली दल

सत्तारूढ़ पार्टी के इशारे पर नामांकन पत्र...

चंडीगढ़, 6 दिसम्बर : शिरोमणि अकाली दल ने शनिवार को कहा कि पंजाब में आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए उसके कई उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं के इशारे पर खारिज कर दिए गए हैं। पार्टी ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में कथित विफलता के लिए राज्य चुनाव आयोग की कड़ी आलोचना की।

SSP पटियाला को हटाने की मांग

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता और पूर्व मंत्री दलजीत सिंह चीमा ने पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वरुण शर्मा को हटाने की भी मांग की। उन्होंने दावा किया कि एक कथित ऑडियो क्लिप में शर्मा कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर विपक्षी उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से रोकने की साजिश रचते सुने जा सकते हैं। चंडीगढ़ में मीडिया को संबोधित करते हुए चीमा ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनाव में लोगों का विश्वास बहाल करने के लिए पटियाला के एसएसपी को हटाना चाहिए था, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहा है।

कई जिलों में बड़ी संख्या में नामांकन रद्द

चीमा और पार्टी प्रवक्ता अर्शदीप सिंह ने दावा किया कि आप नेताओं के इशारे पर कई विपक्षी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि तरनतारन में जिला परिषद चुनाव के लिए 72 में से 31 और पंचायत समिति चुनाव के लिए 63 में से 31 नामांकन खारिज कर दिए गए। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार गंडीविंड में पंचायत समिति चुनाव के लिए 37, खडूर साहिब में 43 तथा पट्टी में 56 नामांकन खारिज कर दिए गए।

बातचीत के दौरान चीमा ने दावा किया कि फिरोजपुर जिले की जीरा पंचायत समिति में अकाली दल का एक भी उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सका, जबकि गुरदासपुर जिले की कादियां पंचायत समिति के लिए अकाली दल के 15 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए।

चुनाव आयोग पर सवाल—‘निगरानी पूरी तरह विफल’

चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए चीमा ने कहा, “इन्हें रद्द करने का क्या कारण है? यह राज्य चुनाव आयोग की निगरानी की पूरी तरह से विफलता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने राज्य चुनाव आयुक्त को कई बार ज्ञापन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

उल्लेखनीय है कि पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव 14 दिसंबर को होने हैं। मतगणना 17 दिसंबर को होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर थी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 5 दिसंबर को हुई थी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर है।

यह भी देखें : हाईकोर्ट की पंजाब सरकार को फटकार, जज किराए पर रह सकता है तो अफसर क्यों नहीं?