February 4, 2026

टी-20 विश्व कप 2026 की तैयारियां तेज, भारत पहुंचने लगीं टीमें

टी-20 विश्व कप 2026 की तैयारियां तेज....

मुंबई, 1 फरवरी : टी-20 विश्व कप 2026 की तैयारियां ज़ोरों पर हैं और इस मेगा टूर्नामेंट के लिए टीमों का भारत और श्रीलंका पहुंचना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में अमेरिका (USA) की क्रिकेट टीम मुंबई पहुंची, जहां उनका भव्य और पारंपरिक भारतीय अंदाज़ में स्वागत किया गया।

भारतीय परंपरा से टीम का स्वागत

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि खिलाड़ियों के माथे पर तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया। भारतीय संस्कृति से जुड़ा यह दृश्य फैंस के बीच खासा चर्चा का विषय बना हुआ है। अमेरिकी टीम में पाकिस्तानी मूल के तीन खिलाड़ी शायन जहांगीर, अली खान और मोहम्मद मोहसिन शामिल हैं। खास बात यह रही कि इन खिलाड़ियों का भी भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है।

7 फरवरी से शुरू होगा टूर्नामेंट

टी-20 विश्व कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की संयुक्त मेज़बानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। अमेरिकी क्रिकेट टीम की कप्तानी मोनांक पटेल के हाथों में है। टीम में 10 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो पिछले विश्व कप का भी हिस्सा रह चुके हैं, जिससे टीम को अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।