February 6, 2026

पंजाब ने विशेष स्टील निर्माण क्षेत्र में 1003.57 करोड़ का ग्रीनफील्ड निवेश

पंजाब ने विशेष स्टील निर्माण क्षेत्र में...

चंडीगढ़, 23 जनवरी : पंजाब ने विशेष स्टील निर्माण क्षेत्र में एक बड़ा ग्रीनफील्ड निवेश हासिल कर औद्योगिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। यह जानकारी उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन तथा बिजली मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने साझा की। उन्होंने बताया कि लगभग 2,200 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाली ए.आई.एस.आर.एम. मल्टीमेटल्स प्राइवेट लिमिटेड, जो कि अरोड़ा आयरन ग्रुप का हिस्सा है, ने गांव जसपालों, दोराहा-खन्ना रोड, जिला लुधियाना में अत्याधुनिक स्टील निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 1003.57 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

यह परियोजना लगभग 46 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी और इसके माध्यम से 920 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। परियोजना को तीन चरणों में लागू किया जाएगा, जिसमें पहला चरण सितंबर 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित यूनिट की कुल स्थापित क्षमता 5.40 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) होगी। इसमें स्क्रैप और फेरो अलॉयज को कच्चे माल के रूप में उपयोग करते हुए राउंड बार, वायर रॉड, कॉइल और फ्लैट्स का उत्पादन किया जाएगा। प्लांट को साल में लगभग 350 दिन, ट्रिपल शिफ्ट में संचालित करने की योजना है।

लुधियाना जिले में 46 एकड़ में स्थापित होगी

श्री अरोड़ा ने बताया कि प्लांट में इंडक्शन फर्नेस, इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF), लैडल रिफाइनिंग फर्नेस (LRF), वैक्यूम डीगैसिंग, आर्गन ऑक्सीजन डीकार्बराइजेशन, कंटीन्यूअस कास्टिंग मशीनें और रोलिंग मिल्स जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इससे ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट सेक्टर के लिए उच्च गुणवत्ता वाले अलॉय एवं विशेष स्टील का उत्पादन संभव होगा।

अत्याधुनिक स्टील यूनिट

उन्होंने कहा कि यह निवेश पंजाब के विशेष स्टील और मिश्र धातु इकोसिस्टम को मजबूती देगा और लुधियाना को उत्तरी भारत के प्रमुख औद्योगिक व धातु केंद्र के रूप में और सशक्त बनाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह परियोजना पंजाब सरकार की औद्योगिक विकास, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन और टिकाऊ निर्माण की नीति के अनुरूप है। साथ ही यह राज्य के मजबूत औद्योगिक आधार, कुशल मानव संसाधन और रणनीतिक लॉजिस्टिक लाभों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करेगी।

श्री संजीव अरोड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और माननीय मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के दूरदर्शी नेतृत्व में पंजाब शीघ्र ही देश का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बनकर उभरेगा।