April 4, 2026

राधा स्वामी सत्संग के लिए श्रद्धालुओं को मिलेगी सुगम यात्रा, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें

राधा स्वामी सत्संग के लिए श्रद्धालुओं को...

अमृतसर, 10 फरवरी : 15 मार्च से 29 मार्च तक ब्यास में होने वाले राधा स्वामी सत्संग में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने मेल एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। यह ट्रेनें अलग-अलग तिथियों पर सहारनपुर और हजरत निजामुद्दीन से ब्यास के बीच चलाई जाएंगी। रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेन संख्या 04565 को 20 मार्च 2026 और 27 मार्च 2026 को सहारनपुर से ब्यास के लिए चलाया जाएगा। यह ट्रेन रात 8:50 बजे सहारनपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 2:15 बजे ब्यास पहुंचेगी।

वापसी में स्पेशल ट्रेन संख्या 04566 22 मार्च 2026 और 29 मार्च 2026 को ब्यास से सहारनपुर के लिए चलेगी। यह ट्रेन दोपहर 3:00 बजे ब्यास से चलकर रात 8:20 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह स्पेशल ट्रेन यमुनानगर जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, अंबाला छावनी, लुधियाना और जालंधर सिटी रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। इसके अलावा स्पेशल ट्रेन संख्या 04451 26 मार्च 2026 को हजरत निजामुद्दीन से ब्यास के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन शाम 7:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे ब्यास पहुंचेगी।

वापसी में स्पेशल ट्रेन संख्या 04452 29 मार्च 2026 को ब्यास से हजरत निजामुद्दीन के लिए चलेगी। यह ट्रेन रात 8:35 बजे ब्यास से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:00 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

रेलवे का उद्देश्य

हजरत निजामुद्दीन–ब्यास स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली सब्जी मंडी, अंबाला छावनी, लुधियाना और जालंधर सिटी रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। फिरोजपुर डिवीजन के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (SDCM) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि डेरा राधा स्वामी, ब्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन का अनुरोध किया गया था। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था की है, ताकि सत्संग में शामिल होने आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।

यह भी देखें : पंजाब में रोजाना हो रहे कत्ल, कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई: मजीठिया