March 7, 2026

पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह, सरकार और कंपनियों ने किया खंडन

पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह...

नई दिल्ली, 7 मार्च : पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर किए जा रहे दावे पूरी तरह निराधार और फर्जी पाए गए हैं। पेट्रोलियम कंपनियों और आधिकारिक सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है। सोशल मीडिया पर एक रील तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया है कि ईरान द्वारा ‘हॉर्मुज़ स्ट्रेट’ बंद किए जाने से भारत में कच्चे तेल की सप्लाई रुक जाएगी।

वीडियो में लोगों से कहा जा रहा है कि कीमतों में भारी बढ़ोतरी और कमी से बचने के लिए तुरंत पेट्रोल पंपों पर जाकर अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवा लें। सरकार ने इन दावों को महज अफवाह बताया है।

इंडियन ऑयल ने जारी किया आधिकारिक बयान

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) ने स्पष्ट किया है कि देश में सप्लाई और वितरण नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है। पानीपत रिफाइनरी से जुड़ी कुछ वायरल वीडियो पर कंपनी ने कहा कि मजदूरों और ठेकेदारों के बीच हुआ विवाद सुलझा लिया गया है और रिफाइनरी का काम सुचारू रूप से चल रहा है। इंडियन ऑयल ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। भारत में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।”

नागरिकों से अपील: पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं

कंपनी ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इंडियन ऑयल ने कहा कि वह देशभर में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने भी नागरिकों से घबराहट में पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाने की अपील की है। कंपनी के अनुसार देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं और सप्लाई चेन में किसी प्रकार की रुकावट नहीं है।

यह भी देखें : भारत में रसोई गैस की एमरजेंसी लागू, केंद्र का प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश