February 5, 2026

कुल्लू में बर्फीला तूफान, पूरे उत्तर भारत में बारिश, कई उड़ाने रद्द

कुल्लू में बर्फीला तूफान, पूरे उत्तर भारत में...

कुल्लू (हिमाचल प्रदेश), 23 जनवरी : हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लंबे समय बाद अचानक आए भीषण बर्फीले तूफान ने पहाड़ी मौसम की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। जलोड़ी के पास स्थित ऐतिहासिक रघुपुर गढ़ (रघुपुर फोर्ट) के नजदीक टेंट लगाकर रुके कुछ सैलानी तेज बर्फबारी और आंधी के कारण वहीं फंस गए। बताया जा रहा है कि करीब पांच सैलानियों ने वीडियो संदेश के जरिए मदद की गुहार लगाई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सिर्फ गूगल मैप पर न रहें निर्भर

कुल्लू जिले के ऊपरी क्षेत्रों में मौसम अचानक बिगड़ गया है। भारी बर्फबारी, बारिश और तेज हवाओं के कारण मनाली, जिभी घाटी और तीर्थन घाटी में दृश्यता बेहद कम हो गई है। कई जगह ‘व्हाइटआउट’ जैसी स्थिति बन गई है, जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और हादसों का खतरा बना हुआ है। एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि सभी सैलानियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे केवल गूगल मैप के भरोसे पहाड़ी रास्तों पर न जाएं, मौसम साफ होने तक होटल या सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें। उन्होंने कहा कि पहाड़ जितने सुंदर हैं, उतने ही खतरनाक भी हो सकते हैं।

शिमला-मनाली से श्रीनगर तक बर्फबारी का असर

शुक्रवार सुबह दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। जहां दिल्ली-NCR में तेज बारिश हुई, वहीं शिमला और मनाली में इस साल की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में सुबह तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम को बारिश का एक और दौर आ सकता है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

जम्मू-कश्मीर और वैष्णो देवी का हाल

कश्मीर घाटी में ताजा बर्फबारी से पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) नवयुग टनल के पास बंद कर दिया गया है। मुगल रोड और सिंथन रोड भी यातायात के लिए बंद हैं। श्रीनगर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन रोक दिया गया है, कई उड़ानें रद्द की गई हैं। प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में भी भारी बर्फबारी हुई है। डोडा जिले के भलेसा इलाके में तीन महीने बाद बर्फबारी होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

हिमाचल और उत्तराखंड में अलर्ट

हिमाचल प्रदेश: शिमला और मनाली में पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। कुफरी, नारकंडा और सोलंग वैली में भी बर्फबारी की संभावना है। मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड: बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में बदला मौसम

  • पंजाब: कई जिलों में देर शाम से बारिश जारी है। जालंधर और अमृतसर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई है।
  • हरियाणा: गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
  • उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में सुबह बारिश हुई, आगे भी हल्की से मध्यम बारिश और ओले पड़ सकते हैं।
  • राजस्थान: उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के आसार हैं।

यह भी देखें : भोजशाला में 10 साल बाद हो रही नमाज-पूजा साथ-साथ, भारी पुलिस फोर्स तैनात