February 26, 2026

दिल्ली में ‘स्पेशल 26’ स्टाइल फर्जी ED रेड, नौकरानी ने करवाई लूट

दिल्ली में ‘स्पेशल 26’ स्टाइल फर्जी...

नई दिल्ली, 26 फरवरी: दक्षिणी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में ‘स्पेशल 26’ फिल्म की तर्ज पर फर्जी ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) रेड डालकर एक बुजुर्ग दंपती से लाखों की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने घरेलू नौकरानी रेखा देवी और उसकी भाभी पूजा राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि खुद को ईडी अधिकारी बताकर छापा मारने वाले तीन आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना 11 फरवरी की है, जिसकी शिकायत 13 फरवरी को दर्ज कराई गई। अतिरिक्त डीसीपी ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि सेवानिवृत्त डॉक्टर ऊषा सभरवाल के घर कुछ लोग ईडी अधिकारी बनकर पहुंचे और तलाशी के नाम पर नकदी, गहने और महंगी घड़ियां इकट्ठी कर लीं।

350 CCTV खंगालने के बाद खुलासा

छापेमारी के दौरान ऊषा सभरवाल ने सूझबूझ दिखाते हुए एक अतिरिक्त फोन से अपने पोते और ईडी के वकील कुनाल सभरवाल को कॉल कर दिया। कुनाल को शक हुआ और उन्होंने तुरंत फर्जी रेड का पर्दाफाश किया। अलार्म बजते ही आरोपी करीब 4 लाख रुपये नकद और 6-7 महंगी घड़ियां लेकर फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक नीली बलेनो कार न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी से निकलती दिखाई दी। सुरागों के आधार पर टीम गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-4 स्थित एक घर तक पहुंची, जो रेखा देवी की भाभी पूजा राजपूत का निकला।

छापेमारी में पुलिस ने नकदी, 6-7 महंगी घड़ियां, एक पिस्तौल, आईटीबीपी डिप्टी कमांडेंट की नकली वर्दी और फर्जी पहचान पत्र बरामद किया।

मामले में पूजा का पति प्रकाश कुमार, जो आईटीबीपी में कॉन्स्टेबल है, मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल बताया जा रहा है। उसने कथित तौर पर अधिकारी बनकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस तीन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।